Location: Meral
मेराल। गढ़वा-रंका विधानसभा क्षेत्र के विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी मेराल प्रखंड की मूलभूत समस्याओं को लेकर लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने विधानसभा सत्र के दौरान क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई समस्याओं को सदन में उठाने के साथ विभिन्न विभागों को पत्राचार कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
विधायक ने सड़क निर्माण, पुलिया निर्माण एवं धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण को लेकर संबंधित विभागों को अनुशंसा भेजी है। उन्होंने मां शायर देवी धाम पहाड़ी हनुमान मंदिर ओखरगाडा को पर्यटन सूची में शामिल कर वहां विकास कार्य कराने हेतु पर्यटन मंत्री को पत्र लिखा है।
खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग को भेजे गए पत्र में मेराल प्रखंड मुख्यालय में आधुनिक खेल स्टेडियम तथा गेरुआ, पढुवा, हासनदाग एवं पेस्का में खेल मैदान विकसित करने की मांग की गई है। वहीं परिवहन एवं नगर विकास विभाग को पत्र लिखकर मेराल प्रखंड मुख्यालय में स्थायी टैक्सी स्टैंड, बस स्टैंड और सब्जी बाजार के लिए भूमि चिन्हित करने की मांग की गई है।
कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग को पत्राचार कर गढ़वा जिला मुख्यालय के अलावा सभी प्रखंडों में आधुनिक कोल्ड स्टोरेज स्थापित करने की मांग की गई है। वहीं उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री को पत्र भेजकर जिले के सभी प्रखंडों में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस पुस्तकालय भवन निर्माण कराने की मांग की गई है।
इसके साथ ही पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग को पत्र लिखकर मेराल प्रखंड मुख्यालय में अत्याधुनिक सामुदायिक भवन निर्माण कराने की मांग की गई है। विधायक ने मेराल प्रखंड के अरंगी पंचायत स्थित बौराहा गांव में फ्लोराइड युक्त पानी से लोगों पर पड़ रहे दुष्प्रभाव को लेकर भी चिंता जताई है। उन्होंने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को पत्राचार कर गांव के सभी चापानलों में फ्लोराइड निरोधक यंत्र लगाने तथा आरओ आधारित शुद्ध पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
भूमि विवाद की बढ़ती समस्याओं को देखते हुए विधायक ने राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग से प्रखंडों में पुनः मिनी सर्वे कराने अथवा हाल सर्वे खतियान प्रकाशित कराने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि पुराने खतियान अभिलेख अद्यतन नहीं होने के कारण जमीन विवाद बढ़ रहे हैं।
विधायक ने मेराल प्रखंड की कई सड़कों के पक्कीकरण को लेकर गढ़वा उपायुक्त को भी पत्र भेजकर शीघ्र प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान करने की मांग की है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए मेराल प्रखंड विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन ने बताया कि क्षेत्र की समस्याओं को लेकर विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधायक अपने कोटे की राशि से क्षेत्र के गांवों में लोगों की मांग के अनुसार आवश्यक स्थानों पर चापानल भी लगवा रहे हैं।