Location: Meral
मेराल (गढ़वा): पलामू प्रक्षेत्र के डीआईजी किशोर कौशल ने मंगलवार को मेराल थाना का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना की विभिन्न पंजियों, संचिकाओं, मालखाना, शस्त्रागार एवं लंबित मामलों की समीक्षा कर पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि थाना आने वाले लोगों के साथ मित्रवत व्यवहार किया जाए और उनकी शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि मेराल थाना एक पब्लिक फ्रेंडली थाना के रूप में स्थापित हो सके।
थाना परिसर पहुंचने पर डीआईजी को पुलिस जवानों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उन्होंने थाना प्रभारी विष्णुकांत के नेतृत्व में आयोजित किट परेड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न अभिलेखों, अपराध संबंधी रिकॉर्ड, न्यायालय से प्राप्त वारंट, नोटिस, इश्तिहार, कुर्की-जब्ती की कार्रवाई तथा अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की।
निरीक्षण के उपरांत पत्रकारों से बातचीत में डीआईजी किशोर कौशल ने बताया कि सभी प्रकार की पंजियों एवं संचिकाओं का अवलोकन किया गया है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान यह देखा गया कि शिकायतकर्ताओं की शिकायतों पर किस प्रकार कार्रवाई की गई तथा उन्हें समय पर सूचना दी गई या नहीं। उन्होंने थाना प्रभारी एवं सभी पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उसकी जानकारी संबंधित शिकायतकर्ता को भी समय पर उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान कुछ पुराने मामलों के निष्पादन में लापरवाही सामने आई है, जिसके लिए संबंधित पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही न्यायालय से संबंधित लंबित वारंट, नोटिस, इश्तिहार एवं कुर्की-जब्ती की कार्रवाई शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए गए, ताकि लोगों को समय पर न्याय मिल सके।
डीआईजी ने थाना परिसर में मालखाना, अस्त्र-शस्त्र एवं अन्य संसाधनों के समुचित रखरखाव पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यशैली ऐसी होनी चाहिए कि आम लोगों का विश्वास और मजबूत हो तथा थाना आने वाला प्रत्येक व्यक्ति सम्मानजनक व्यवहार का अनुभव करे।
इस अवसर पर सार्जेंट मेजर संतोष कुमार, एसडीपीओ दिलु लोहरा, इंस्पेक्टर संतोष कुमार, थाना प्रभारी विष्णुकांत, एसआई रवि कुमार, दिनेश मुंडा, विनोद पासवान, अरविंद कुमार, रब्बुल अंसारी, हरिशंकर ओझा, प्रेम प्रकाश पांडेय, अखिलेश्वर तिवारी, दीपक कुमार, ललिता कुमारी, अखिलेश्वर सिंह, जितेंद्र कुमार, मुंशी रवींद्र पासवान, विमलेश कुमार सहित थाना के सभी पुलिस पदाधिकारी एवं जवान उपस्थित थे।











