Location: Meral

मेराल (प्रतिनिधि):
प्रखंड शिक्षा विभाग द्वारा बुधवार को कन्या मध्य विद्यालय मेराल के सभागार में ‘स्कूल रुवार’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड प्रमुख दीपमाला कुमारी, सांसद प्रतिनिधि विजय प्रसाद गुप्ता, चंद्रमणि पाठक, बीपीओ रवि कुमार एवं शिक्षक रघुराई राम ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में स्कूल से ड्रॉपआउट हुए बच्चों को पुनः विद्यालय से जोड़ने पर विशेष चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि जो छात्र-छात्राएं किसी कारणवश पढ़ाई बीच में छोड़ चुके हैं, उन्हें प्रेरित कर पुनः नामांकन कराना जरूरी है।
शैक्षणिक गतिविधियों पर दिया गया जोर
बैठक में विद्यालयों में क्विज प्रतियोगिता, खेलकूद, निबंध लेखन सहित अन्य गतिविधियों को नियमित रूप से आयोजित करने का निर्देश दिया गया, ताकि बच्चों की रुचि पढ़ाई में बनी रहे।
स्वच्छता और हरियाली पर बल
विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक नियमित करने, स्कूल परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने, किचन गार्डन विकसित करने तथा वृक्षारोपण करने पर भी जोर दिया गया।
विद्यार्थियों की सूची तैयार करने का निर्देश
हाई स्कूल के प्राचार्यों को अपने क्षेत्र के मध्य विद्यालय से पास आउट विद्यार्थियों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया, ताकि उनके आगे की पढ़ाई पर नजर रखी जा सके।
वक्ताओं ने रखे अपने विचार
इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख दीपमाला कुमारी, सांसद प्रतिनिधि चंद्रमणि पाठक एवं विजय प्रसाद गुप्ता, बीपीओ रवि कुमार और शिक्षक रघुराई राम ने शिक्षा के महत्व और बच्चों को स्कूल से जोड़ने पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में कुमार गौरव सहित प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।











