Location: Meral
मेराल। शुक्रवार को आई तेज तूफान और हल्की बारिश के दौरान हुए वज्रपात में किसान के दो बैलों की मौत हो गई। घटना मेराल थाना क्षेत्र के कारकोमा गांव के खुटैलिया टोला की है। मृत बैल गांव निवासी युनुस अंसारी, पिता मजीद अंसारी, के बताए जा रहे हैं।
वार्ड प्रतिनिधि नाजिम अंसारी ने बताया कि युनुस अंसारी ने अपने दोनों बैलों को घर के पास महुआ पेड़ के नीचे बांध रखा था। शुक्रवार को करीब 12 बजे अचानक मौसम खराब हुआ और तेज गर्जना के साथ वज्रपात हो गया, जिसकी चपेट में आने से दोनों बैलों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना सीओ यशवंत नायक और पशु चिकित्सा पदाधिकारी कृष्ण कुमार सिंह को दे दी गई है।
पीड़ित किसान युनुस अंसारी ने बताया कि उन्होंने खेती-किसानी के लिए महंगे दाम पर दोनों बैल खरीदे थे। बैलों की मौत से आने वाले बरसात के मौसम में खेती करने में भारी कठिनाई होगी। उन्होंने कहा कि उनकी आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं है कि दोबारा बैल खरीद सकें। किसान ने सरकार और विभाग से आपदा राहत कोष के तहत मुआवजा देने की मांग की है।
इस संबंध में सीओ यशवंत नायक ने बताया कि कारकोमा गांव के खुटैलिया टोला में वज्रपात से दो बैलों की मौत की सूचना मिली है। पशु मालिक को आपदा राहत कोष से निर्धारित प्रावधान के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा। पशुओं के लिए अलग-अलग राशि निर्धारित है।