Location: Manjhiaon
मझिआंव प्रतिनिधि।
मझिआंव मेन रोड स्थित वनांचल राज्य ग्रामीण बैंक के सामने एक तेज रफ्तार कार ने पैदल जा रहे व्यक्ति को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज एवं एक्स-रे के लिए गढ़वा रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आमर गांव निवासी संजय पांडेय बाजार की ओर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान खजूरी गांव निवासी सह डीलर पुष्पा कुंअर के पुत्र मंटू मेहता अपनी कार संख्या JH 03 AW 7875 से मझिआंव बाजार की ओर जा रहा था। बताया जाता है कि इसी क्रम में कार ने संजय पांडेय को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगने के बाद संजय पांडेय सड़क पर गिर पड़े और उनका दोनों पैर कार के चक्के के नीचे आ गया। मौके पर मौजूद लोगों के शोर मचाने पर उन्हें कार के नीचे से बाहर निकाला गया। घटना में उनका दाहिना पैर गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। आक्रोशित लोग चालक मंटू मेहता की पिटाई करना चाह रहे थे, लेकिन कुछ लोगों के समझाने पर मामला शांत कराया गया। पूछताछ में चालक ने खुद को मझिआंव नगर पंचायत के वार्ड संख्या 12 अंतर्गत खजूरी गांव का निवासी बताया। उसने यह भी कहा कि कार नई खरीदी गई है और वह नया चालक है।
इधर घायल संजय पांडेय को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद एक्स-रे एवं बेहतर इलाज के लिए गढ़वा रेफर कर दिया।