Location: सगमा
गढ़वा जिले के धुरकी थाना क्षेत्र के रक्सी गांव में शुक्रवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें महिला समेत कई लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया। एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ के गाजर गांव निवासी साधु यादव का पुत्र पवन यादव एक महिला और दो छोटे बच्चों के साथ झुनका गांव स्थित अपने फूफा उगन यादव के घर शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। इसी दौरान रक्सी गांव के पास गलत दिशा से आ रही दूसरी बाइक से उसकी सीधी टक्कर हो गई।
दूसरी बाइक रक्सी गांव निवासी रमेश बेदिया का पुत्र शेखर चला रहा था। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद घायलों को निजी वाहन से अस्पताल भेजा गया। सूचना मिलने पर धुरकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर थाना ले गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।











