Location: Meral
मेराल। डीसी अनन्य मित्तल ने गुरुवार को मेराल प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रभारी बीडीओ यशवंत नायक को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीसी ने विभिन्न शाखाओं में जाकर संचालित कार्यों की जानकारी ली और कार्यों में पारदर्शिता व गति बनाए रखने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में डीसी ने प्रखंड कल्याण पदाधिकारी से विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने पीएम आवास एवं अबुआ आवास योजना की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही मनरेगा योजना से जुड़े सभी ऑपरेटरों से कार्य निष्पादन के संबंध में जानकारी ली।
डीसी ने प्रखंड नजारत शाखा पहुंचकर स्टॉक पंजी का निरीक्षण किया तथा प्रखंड के सभी सामानों की सूची तैयार कर कार्यालय में जमा करने का निर्देश दिया। इसके अलावा खाद्यान्न विभाग के गोदाम का भी निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया।
प्रभारी बीडीओ यशवंत नायक ने बताया कि प्रखंड कार्यालय निरीक्षण के बाद डीसी ने सोहबरिया गांव पहुंचकर कल्याण विभाग द्वारा संचालित विद्यालय एवं छात्रावास का निरीक्षण किया, जिसे संतोषजनक पाया गया। इसके बाद उन्होंने मेराल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया और प्रभारी चिकित्सक डॉ. बीरेन्द्र कुमार को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीओ सह प्रभारी बीडीओ यशवंत नायक समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।