Location: Meral
मेराल:
मेराल थाना पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर शुक्रवार को उनके असली मालिकों के बीच वितरण किया। थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस इंस्पेक्टर संतोष कुमार एवं थाना प्रभारी विष्णु कांत ने संयुक्त रूप से 10 लोगों को उनके मोबाइल फोन सौंपे।
इस अवसर पर संतोष कुमार ने कहा कि लगातार गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी कर संबंधित लोगों को लौटाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मोबाइल बरामद करने में थाना प्रभारी विष्णु कांत की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। पुलिस की इस पहल से लोगों में विश्वास बढ़ा है और गुम हुए सामान मिलने की उम्मीद मजबूत हुई है।
जिन लोगों को मोबाइल फोन लौटाए गए उनमें रेजो गांव निवासी अवध किशोर चौबे, बिकताम निवासी धर्मेंद्र कुमार मेहता, मेराल निवासी विकास कुमार एवं सुभाष कुमार, तेनार गांव के शिव कुमार बैठा और कृष्ण कहार, देवगाना निवासी बिनोद चौधरी, छप्परवार खुर्द गांव के सुनिल कुमार, बंका गांव के पंचम कुमार तथा जोगीकला गांव निवासी नीरज शाह शामिल थे।
मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पुलिस की तत्परता और सक्रियता से आम जनता का विश्वास प्रशासन पर और मजबूत हुआ है।
कार्यक्रम के दौरान थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी भी उपस्थित थे।











