Location: Manjhiaon
मझिआंव। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मझिआंव एवं बरडीहा प्रखंड के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। सरकारी, उत्क्रमित मध्य एवं उच्च विद्यालयों, निजी विद्यालयों तथा कॉलेजों में ध्वजारोहण के बाद रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
मझिआंव प्रखंड के शिवेसर चंद्रवंशी इंटर कॉलेज, आरके पब्लिक स्कूल ऊंचरी, हाई स्कूल मोरबे समेत अन्य शिक्षण संस्थानों में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, भाषण, कविता पाठ एवं नृत्य प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों की देशभक्ति प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया।
आरके पब्लिक स्कूल में कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के निदेशक अलखनाथ पांडेय ने कक्षा छह की छात्रा अदिति पांडेय को कराटे में उपलब्धि के लिए गोल्ड मेडल तथा कक्षा पांच के छात्र अनुराज पांडेय को राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में मेडल प्राप्त करने पर प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया। इस दौरान विद्यालय के शिक्षकों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
शिवेसर चंद्रवंशी इंटर कॉलेज परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. ईश्वर सागर चंद्रवंशी ने फीता काटकर किया। इसके बाद विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष सुमित्रा देवी ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत वाद्य संगीत कार्यक्रम की सराहना की। प्रस्तुति देने वाली छात्राओं को कलम एवं कॉपी देकर पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों एवं अतिथियों ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व और देश के प्रति विद्यार्थियों की जिम्मेदारी पर प्रकाश डाला। पूरे आयोजन के दौरान देशभक्ति गीतों, नृत्य और भाषणों से शिक्षण संस्थानों का वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर रहा।












