Location: सगमा
सगमा (गढ़वा): झारखंड अधिविद परिषद द्वारा आयोजित मैट्रिक परीक्षा में सगमा प्रखंड की छात्राओं ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस वर्ष भी प्रखंड के तीनों शीर्ष स्थानों पर छात्राओं का कब्जा रहा, जिससे पूरे इलाके में खुशी का माहौल है।
सगमा स्थित भैयारुद्र प्रताप देव उच्च विद्यालय की छात्रा अंजली कुमारी ने 90.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न केवल विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया, बल्कि पूरे प्रखंड की टॉपर बनीं। वहीं सपना कुमारी ने 88.60 प्रतिशत अंक के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि आरती कुमारी ने 88 प्रतिशत अंक लाकर तृतीय स्थान हासिल किया।
दूसरी ओर, उच्च विद्यालय बीरबल के सभी 262 विद्यार्थियों ने परीक्षा में सफलता हासिल कर विद्यालय का मान बढ़ाया। यहां आयुष कुमार विश्वकर्मा ने 87 प्रतिशत अंक लाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। श्रेया कुमारी ने 85.6 प्रतिशत अंक के साथ द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि आयुष कुमार ने 82.60 प्रतिशत अंक लाकर तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक हेमंत कुमार यादव एवं शिक्षक विकास कुमार यादव ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस उत्कृष्ट परिणाम से सगमा प्रखंड में गर्व और उत्साह का माहौल बना हुआ है।











