Location: सगमा
सगमा (गढ़वा): पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर के निर्देश पर जिलेभर में फरार वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत धुरकी थाना पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। बीती रात चलाए गए सघन छापेमारी अभियान में विभिन्न मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे छह वारंटियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
धुरकी थाना प्रभारी जनार्दन राउत ने जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान खास तौर पर उन वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाया गया था, जो काफी समय से पुलिस की पकड़ से बाहर थे। अभियान के दौरान C.F. No.- 2951/2017 से जुड़े रामजी कोरवा (38 वर्ष), सम्पत कोरवा (67 वर्ष), रामराज कोरवा (51 वर्ष), तकदीर कोरवा (50 वर्ष) और विजय कोरवा (43 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा एक अन्य मामले में फरार चल रहे DW वारंटी नागेंद्र ओरांव को भी पुलिस ने दबोच लिया।
गिरफ्तार सभी अभियुक्त ग्राम परासपानी खूर्द एवं कटहर के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उन्हें नगर उंटारी न्यायालय एवं फैमिली कोर्ट, गढ़वा में प्रस्तुत करने के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे इस तरह के अभियानों से जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अपराधियों में भय का माहौल बनाने में मदद मिल रही है। पुलिस ने संकेत दिया है कि फरार वारंटियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।











