Location: Manjhiaon
मझिआंव प्रतिनिधि : बरडीहा थाना क्षेत्र के एक गांव की 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा को भगाकर ले जाने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर शनिवार को गढ़वा जेल भेज दिया।
थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की मां द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर बरडीहा थाना कांड संख्या 34/26 के तहत 7 जून को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आवेदन में आरोप लगाया गया था कि बरडीहा गांव निवासी मनोज विश्वकर्मा के 19 वर्षीय पुत्र गुड्डू विश्वकर्मा ने उनकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा लिया था।
जानकारी के अनुसार आरोपी युवक बाहर काम करता था और वहीं पर छात्रा को अपने साथ रखा हुआ था। पुलिस की दबिश बढ़ने पर वह छात्रा को पलामू जिले के ऊंटारी रोड रेलवे स्टेशन पर छोड़कर फरार हो गया। बाद में पुलिस ने छात्रा को अपने संरक्षण में लेकर थाना पहुंचाया।
थाना प्रभारी ने बताया कि छात्रा का गढ़वा सदर अस्पताल में मेडिकल जांच कराया गया तथा न्यायालय में धारा 164 के तहत उसका बयान दर्ज कराया गया। इसके बाद नामजद आरोपी गुड्डू विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर शनिवार को मझिआंव रेफरल अस्पताल में मेडिकल जांच के लिए भेजा गया, जहां डॉ. विशाल कुमार मिश्रा ने उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया। मेडिकल जांच के बाद पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में गढ़वा जेल भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में नाबालिग लड़कियों से जुड़े मामलों की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। बरडीहा थाना पुलिस ऐसे मामलों में लगातार निगरानी रखते हुए कानूनी कार्रवाई कर रही है।