Location: Meral
मेराल के साहिजना रोड, गढ़वा में इंसानियत और सेवा की एक खूबसूरत मिसाल देखने को मिली, जब आनंद मार्ग यूनिवर्सल रिलीफ टीम की ओर से ‘पन शाला’ का शुभारंभ किया गया। मिहिजाम होम्योपैथिक चिकित्सालय के पास शुरू हुई इस पहल ने भीषण गर्मी में राहगीरों को बड़ी राहत दी है।
शुभारंभ के मौके पर लोगों को मिठाइयां खिलाई गईं और ठंडा पानी पिलाकर सेवा का संदेश दिया गया। अब यह पन शाला नियमित रूप से संचालित होगी, ताकि इस व्यस्त मार्ग से गुजरने वाले आम लोग, बीमार, बुजुर्ग और विद्यार्थी प्यास से परेशान न हों।
दरअसल, इस इलाके में जल की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण गरीब और जरूरतमंद लोगों को अक्सर प्यासा रहना पड़ता था। इसी समस्या को समझते हुए टीम ने यह सराहनीय कदम उठाया।
डीपीएस सेक्रेटरी कैलाश ने कहा कि “इस भीषण गर्मी में जरूरतमंदों को ठंडा पानी पिलाना एक पुण्य कार्य है।”
वहीं, मिहिजाम होम्योपैथिक चिकित्सालय के संचालक डॉ. रामानुज प्रसाद ने बताया कि यह प्याऊ पिछले 12 वर्षों से लगातार सेवा दे रहा है और इस सेवा कार्य से उन्हें अपार संतोष मिलता है।
भुक्ति प्रधान धर्मेंद्र देव ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि “सिर्फ इंसानों ही नहीं, बल्कि पशु-पक्षियों के लिए भी जल स्रोतों को सुरक्षित रखना हमारी जिम्मेदारी है। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए हमें जल संरक्षण और सेवा के कार्यों को प्राथमिकता देनी होगी।”
इस नेक कार्य में आरती दीदी, आशीष देव, ज्योत्सना देव और आभा रानी की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।











