Location: Garhwa
रक्तदान कर नागेंद्र सोनी ने बचाई गरीब महिला की जान, टीम ने जताया आभार
गढ़वा : टीम दिल का दौलत ने एक बार फिर साबित कर दिया कि जब बात जरूरतमंदों की मदद की हो, तो यह टीम सिर्फ एक नाम नहीं, बल्कि भरोसे और मानवता का प्रतीक है। मंगलवार को मेराल प्रखंड से इलाज के लिए आई एक गरीब महिला गढ़वा ब्लड बैंक के बाहर B+ रक्त की गंभीर जरूरत के साथ बेसहारा खड़ी थी।
परिवार में कोई रक्तदाता नहीं था, ऐसे में समाजसेवी दयाशंकर गुप्ता ने स्थिति को देखते हुए टीम के व्हाट्सएप ग्रुप में जानकारी साझा की। सूचना मिलते ही टीम के सक्रिय सदस्य पवन सोनी ने तत्परता दिखाई और साथी नागेंद्र सोनी से संपर्क किया। नागेंद्र सोनी, जो उस समय अपनी दुकान चला रहे थे, ने एक पल की देरी किए बिना दुकान बंद कर ब्लड बैंक पहुंचकर रक्तदान किया।
नागेंद्र का यह सेवा भाव समाज के लिए प्रेरणास्त्रोत है। उन्होंने यह सिद्ध कर दिया कि जब बात इंसानियत की हो, तो दिल की आवाज सुननी चाहिए, न कि लाभ-हानि की। उनके समय पर किए गए रक्तदान से महिला का इलाज संभव हो सका और उसकी जान बचाई गई।
टीम संयोजक दौलत सोनी ने कहाहमारा मूल मंत्र है जिसका कोई नहीं, उसका टीम दौलत’। आज नागेंद्र भाई ने इसे सार्थक कर दिखाया। यह भाव ही हमारी असली पहचान है।”
टीम की ओर से रक्तवीर नागेंद्र सोनी को कोटि-कोटि धन्यवाद दिया ।
यह घटना गढ़वा में एक बार फिर इंसानियत की मिसाल बनकर उभरी और यह संदेश भी दे गई कि सच्ची सेवा के लिए बड़े साधन नहीं, बस एक संवेदनशील दिल चाहिए।















