Location: कांडी
कांडी (गढ़वा):
दूर-दराज के गांवों से पैदल स्कूल पहुंचने वाले विद्यार्थियों के लिए बुधवार का दिन खुशियां लेकर आया। कल्याण विभाग की साइकिल वितरण योजना के तहत कांडी प्रखंड में वर्ग 8 के 282 छात्र-छात्राओं को निःशुल्क साइकिलें वितरित की गईं। अब ये विद्यार्थी समय पर विद्यालय पहुंच सकेंगे और उनकी पढ़ाई का सफर पहले से अधिक आसान व सुरक्षित होगा।
सत्र 2026-27 के तहत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों को यह लाभ दिया गया। प्रखंड कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्रखंड प्रभारी कल्याण पदाधिकारी शाहिद अंसारी ने लाभुकों के बीच साइकिलों का वितरण किया।
वितरित साइकिलों में उत्क्रमित उच्च विद्यालय चौकड़ी के 19, मध्य विद्यालय घटहुआ कला के 22, मध्य विद्यालय पतरिया के 45, मध्य विद्यालय बतो खुर्द के 32, कन्या मध्य विद्यालय कांडी के 18, उत्क्रमित मध्य विद्यालय चौबे माझीआवा के 76, मध्य विद्यालय चटनियां के 46 तथा मध्य विद्यालय खुटहरिया के 24 छात्र-छात्राएं शामिल रहे।
इस अवसर पर शाहिद अंसारी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि आर्थिक तंगी किसी भी बच्चे की शिक्षा में बाधा न बने। उन्होंने कहा कि साइकिल मिलने से दूरस्थ गांवों के विद्यार्थियों की विद्यालय में नियमित उपस्थिति बढ़ेगी, समय की बचत होगी और वे बेहतर ढंग से अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगे। उन्होंने बताया कि सरकार विद्यार्थियों को साइकिल के साथ-साथ पुस्तकें, ड्रेस, छात्रवृत्ति एवं बैग जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध करा रही है।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि सबसे अधिक 76 विद्यार्थियों को उत्क्रमित मध्य विद्यालय चौबे माझीआवा तथा 46 विद्यार्थियों को मध्य विद्यालय चटनियां से साइकिलें मिलीं। साइकिल पाकर विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। अभिभावकों ने कहा कि अब बच्चों का विद्यालय आना-जाना पहले की तुलना में अधिक आसान और सुरक्षित होगा।
इस अवसर पर छठी प्रसाद सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं विभागीय कर्मी उपस्थित रहे।











