Location: सगमा
सगमा/धुरकी (गढ़वा): धुरकी प्रखंड मुख्यालय स्थित कस्तुरबा गांधी 10+2 आवासीय उच्च विद्यालय की छात्राओं ने मैट्रिक बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। इस संबंध में विद्यालय की वार्डन कुमारी श्रद्धा एवं शिक्षिका सबीना कच्छप ने शुक्रवार को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष कुल 46 छात्राएं परीक्षा में शामिल हुईं और सभी ने सफलता प्राप्त की।
विद्यालय में जोया गुप्ता ने 86 प्रतिशत अंक लाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। जननी कुमारी 85 प्रतिशत अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि लक्ष्मी कुमारी ने 81 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया।
वहीं झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय सगमा का परिणाम भी शत-प्रतिशत रहा। यहां कुल 38 छात्राओं में 21 ने प्रथम श्रेणी और 17 ने द्वितीय श्रेणी में सफलता प्राप्त की। आयुषी कुमारी ने 82.4 प्रतिशत अंक लाकर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सुमन कुमारी 75 प्रतिशत के साथ दूसरे और साक्षी 74 प्रतिशत अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
वार्डन एवं शिक्षिका ने बताया कि छात्राओं की मेहनत और लगन का ही परिणाम है कि विद्यालय का रिजल्ट इस वर्ष शत-प्रतिशत रहा।











