Location: Garhwa
शुक्रवार को स्टेशन के पास भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में नेताओं ने अनुमंडलीय अस्पताल में भ्रष्टाचार और कुव्यवस्था के गंभीर आरोप लगाए। जिला महामंत्री मुकेश चौबे ने बताया कि अस्पताल के जनरल वार्ड और डिलीवरी वार्ड में हाल ही में छत गिरने की घटनाएं हुईं, जिनमें मरीज बाल-बाल बचे। उन्होंने 60 लाख रुपये की मरम्मत के बावजूद भवन की जर्जर स्थिति पर सवाल उठाए और फॉल सीलिंग के जरिए खतरे को छिपाने का आरोप लगाया।
नेताओं ने यह भी कहा कि अस्पताल में मौजूद ईसीजी, अल्ट्रासाउंड और डिजिटल एक्स-रे जैसी सुविधाएं चालू नहीं हैं, जिससे मरीजों को निजी अस्पतालों में जाना पड़ रहा है। वरिष्ठ नेता शैलेश चौबे और लक्ष्मण राम ने व्यवस्था पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि एक सप्ताह में सुधार नहीं होने पर अस्पताल में तालाबंदी की जाएगी। साथ ही अस्पताल को ट्रॉमा सेंटर में स्थानांतरित करने की मांग भी उठाई गई। प्रेस वार्ता में कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।











