Location: गढ़वा जिला
गढ़वा। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर गढ़वा जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी कार्यालयों एवं सामाजिक संगठनों द्वारा योग कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को स्वस्थ जीवन के लिए योग अपनाने का संदेश दिया गया। इस दौरान हजारों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर नियमित योग करने का संकल्प लिया।
जिला स्तरीय भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन
गढ़वा के फुटबॉल स्टेडियम में जिला आयुष समिति एवं जिला स्वास्थ्य समिति के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा, सीआरपीएफ कमांडेंट अजय कुमार वर्मा, जिला परिषद अध्यक्ष आशीष कुमार सोनी सहित कई पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग शामिल हुए। योग गुरुओं ने अनुलोम-विलोम, कपालभाति, सूर्य नमस्कार सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया। उपायुक्त ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है। कार्यक्रम के अंत में योग प्रशिक्षकों एवं चिकित्सकों को सम्मानित किया गया।
व्यवहार न्यायालय में आयोजित हुआ योग कार्यक्रम
गढ़वा व्यवहार न्यायालय परिसर में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनोज प्रसाद की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में न्यायिक पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं न्यायालय कर्मियों ने भाग लिया। गायत्री परिवार के विनोद पाठक ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। मनोज प्रसाद ने कहा कि योग जीवन को स्वस्थ और दीर्घायु बनाने की कला है तथा इसे प्रत्येक व्यक्ति को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए।
एकल अभियान के 211 विद्यालयों में हुआ योगाभ्यास
एकल अभियान के गढ़वा जिला अंतर्गत सभी 211 विद्यालयों में विश्व योग दिवस मनाया गया। शहर स्थित आरपी नर्सिंग कॉलेज में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में अभियान के अंचल अध्यक्ष डॉ. पातंजली केशरी के नेतृत्व में 200 से अधिक लोगों ने योगाभ्यास किया। उन्होंने कहा कि नियमित योग से शरीर की मांसपेशियां मजबूत होती हैं, एकाग्रता बढ़ती है और शरीर की प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है। उन्होंने सभी लोगों से प्रतिदिन योग करने का आह्वान किया।
मेराल हाई स्कूल मैदान में भव्य योग महोत्सव
पतंजलि योग समिति एवं प्रखंड प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में मेराल हाई स्कूल मैदान में प्रखंड स्तरीय सामूहिक योग महोत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख दीपमाला कुमारी, थाना प्रभारी विष्णु कांत, विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। योग शिक्षिका सुषमा कुशवाहा ने प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास कराया। प्रखंड प्रमुख ने कहा कि योग वह अमृत है जो हमें अस्पताल के बेड तक जाने से बचा सकता है। वहीं डॉ. लालमोहन ने कहा कि यदि लोग योग के लिए समय नहीं निकालेंगे तो भविष्य में इलाज के लिए अस्पताल में समय देना पड़ेगा।
डीएवी लीला वचन पब्लिक स्कूल में मनाया गया योग दिवस
मेराल स्थित डीएवी लीला वचन पब्लिक स्कूल, लातदाग में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। विद्यालय के निदेशक सुरेंद्र विश्वकर्मा ने विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारत की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान तनावपूर्ण जीवनशैली में योग शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनने का सर्वोत्तम माध्यम है। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
एसजीएन मॉडर्न किंडर गार्टन में कराया गया योगाभ्यास
मेराल स्थित एसजीएन मॉडर्न किंडर गार्टन में योग दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों को विभिन्न योगासनों एवं आध्यात्मिक अभ्यासों की जानकारी दी गई। विद्यालय के निदेशक धर्मेंद्र देव ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक, आध्यात्मिक एवं नैतिक विकास का भी माध्यम है। उन्होंने बच्चों को योग के वास्तविक स्वरूप को समझने और उसे जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
सगमा में पतंजलि योग समिति के नेतृत्व में योग कार्यक्रम
सगमा प्रखंड मुख्यालय स्थित भैया रुद्र प्रताप हाई स्कूल परिसर में पतंजलि योग समिति एवं भारत स्वाभिमान न्यास के नेतृत्व में 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। योग शिक्षक कृष्ण यादव ने प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। भाजपा मंडल अध्यक्ष दिलीप यादव एवं पूर्व मुखिया नारायण दास यादव ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों को प्रतिदिन योग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन परंपरा है, जिसे अपनाकर व्यक्ति निरोग और स्वस्थ जीवन जी सकता है।











