Location: Meral
मेराल। थाना क्षेत्र के कुंभी गांव में शादी से पूर्व होने वाली मटकोड़वा रस्म को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया है। घटना के बाद चौधरी टोला के लोगों में आक्रोश व्याप्त है। आक्रोशित ग्रामीणों ने रविवार को मेराल थाना पहुंचकर लिखित आवेदन देकर न्याय की मांग की है।
थाना में दिए गए आवेदन के अनुसार कुंभी गांव के दक्षिण टोला निवासी पप्पू चौधरी की पुत्री का विवाह 22 जून को होना है। विवाह की पारंपरिक रस्म मटकोड़वा संपन्न कराने के लिए बैगा गोवर्धन सिंह को सूचना देने ग्रामीण पहुंचे थे। आरोप है कि बैगा ने बताया कि रेलवे लाइन के दक्षिण स्थित चौधरी टोला के लोगों को फिलहाल मटकोड़वा करने से मना किया गया है।
शादी जैसे मांगलिक अवसर पर धार्मिक परंपरा का निर्वहन नहीं होने की आशंका से नाराज चौधरी टोला के ग्रामीणों ने थाना में आवेदन देकर मटकोड़वा स्थल को पूर्ववत बहाल कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि धार्मिक स्थल, खेती-किसानी से जुड़े कई कार्य, शवदाह के लिए सूखी लकड़ी सहित अनेक आवश्यक सुविधाएं रेलवे लाइन के उस पार स्थित क्षेत्रों पर निर्भर हैं। यदि किसी विशेष टोला के लोगों को सार्वजनिक और धार्मिक कार्यों से रोका जाता है तो इससे न केवल धार्मिक आस्था प्रभावित होगी, बल्कि ग्रामीणों के दैनिक एवं आवश्यक कार्यों में भी बाधा उत्पन्न होगी।
आवेदन देने वालों में नितेश चौधरी, राजदेव चौधरी, बबलू चौधरी, आशीष चौधरी, भारत चौधरी, विक्रम विश्वकर्मा, प्रिंस पटेल, रामनरेश चौधरी, चंदेश्वर चौधरी, ओमप्रकाश विश्वकर्मा, इंदल कुमार पटेल, मीना देवी, संगीता देवी, चिंता देवी, शिमला देवी सहित कई ग्रामीण शामिल हैं।
वहीं, इस मामले में रेलवे लाइन के उस पार स्थित बिचला खरवार टोला निवासी एवं पंचायत समिति सदस्य प्रदीप सिंह ने कहा कि विवाद का मूल कारण रेलवे अंडरपास निर्माण से जुड़ा है। उनका कहना है कि अंडरपास निर्माण को लेकर गांव में मतभेद है। इसी मुद्दे पर खरवार टोला, सुखी टोला, बिचला टोला सहित अन्य टोला के लोगों की बैठक हुई थी, जिसमें चौधरी टोला के सामूहिक कार्यों पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया था।
फिलहाल मामला थाना पहुंच गया है और ग्रामीण प्रशासन से हस्तक्षेप कर समाधान निकालने की मांग कर रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।