Location: कांडी
कांडी प्रखंड के सिवरी गांव में हनुमान मंदिर में नई मूर्ति स्थापना को लेकर धार्मिक आयोजन का शुभारंभ हो गया है। इस अवसर पर रविवार को आचार्य पंडित जयप्रकाश मिश्र एवं ओमप्रकाश मिश्र के नेतृत्व में भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
कलश यात्रा सिवरी गांव से प्रारंभ होकर मिश्रौलिया होते हुए सुंडीपुर स्थित कोयल नदी संगम तट तक पहुंची। वहां श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ पवित्र जल भरकर पुनः मंदिर प्रांगण में कलश स्थापित किया। पूरे मार्ग में भक्ति गीत, ढोल-नगाड़ों और “जय श्री राम” तथा “बजरंग बली की जय” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम में कांडी प्रखंड प्रमुख सत्येंद्र कुमार पांडेय उर्फ पिंकू पांडेय और जिला परिषद प्रतिनिधि दिनेश कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में एकता और धार्मिक जागरूकता को मजबूत करते हैं।
आचार्य जयप्रकाश मिश्र ने बताया कि चैत्र नवरात्रि के अवसर पर अष्टमी और नवमी तिथि, 26 मार्च को विधिवत मंत्रोच्चार एवं पूजा-अर्चना के साथ बजरंग बली की नई मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी। इसके लिए तैयारियां तेजी से चल रही हैं।
ग्रामीणों के अनुसार यह आयोजन केवल मूर्ति स्थापना तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक एकता, भाईचारे और आस्था के पुनर्जागरण का प्रतीक बन गया है। पूरे क्षेत्र में इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर उत्साह का माहौल है।











