Location: Garhwa
गढ़वा, 3 अप्रैल — झारखंड वॉलीबॉल के भीष्म पितामह आदरणीय शेखर बोस के जन्म दिवस के अवसर पर गढ़वा जिला वॉलीबॉल संघ द्वारा केक काटकर समारोहपूर्वक जयंती मनाई गई। ज्ञात हो कि प्रत्येक वर्ष 3 अप्रैल को शेखर बोस की जयंती को “झारखंड वॉलीबॉल दिवस” के रूप में मनाया जाता है।
इस अवसर पर पुलिस लाइन गढ़वा स्थित वॉलीबॉल ग्राउंड में एक आकर्षक फैंसी मैच का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस टीम गढ़वा, राइजिंग स्टार गढ़वा, मझिआंव वॉलीबॉल टीम तथा जूनियर वॉलीबॉल टीम गढ़वा ने भाग लिया। फाइनल मुकाबला राइजिंग स्टार गढ़वा और जूनियर वॉलीबॉल टीम गढ़वा के बीच खेला गया। बेहद रोमांचक मैच में जूनियर टीम ने 2-1 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गढ़वा पुलिस लाइन के सार्जेंट सतपाल सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ किया। मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राइजिंग स्टार के शुभम कुमार को ‘मैन ऑफ द मैच’ तथा जूनियर टीम के युवराज को ‘मैन ऑफ द सीरीज’ से सम्मानित किया गया।
समापन समारोह में लातेहार में आयोजित सब-जूनियर वॉलीबॉल प्रतियोगिता में उपविजेता रही जूनियर टीम के खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षक प्रशांत ओझा को मोमेंटो और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही वॉलीबॉल के वरिष्ठ भूतपूर्व खिलाड़ियों को भी अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
स्वागत भाषण में संघ के सचिव ओम प्रकाश तिवारी ने अतिथियों का अभिनंदन करते हुए शेखर बोस के योगदान और उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि सतपाल सिंह ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन और खेल भावना की सराहना करते हुए इस सफल आयोजन के लिए वॉलीबॉल संघ को धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम में संघ के कार्यकारी अध्यक्ष नवीन पाठक, सह सचिव पंकज मिश्रा, अरविंद दुबे, ओम प्रकाश गुप्ता, वरिष्ठ खिलाड़ी सियाराम वर्मा, रजनीश दुबे, नवनीत शुक्ला, नीरज सिन्हा, नंदलाल तिवारी, पुलिस मेंस के अध्यक्ष रवि कुशवाहा, श्री प्रकाश, समर रजा, अंशु दुबे, विशाल पांडे, विकास तिवारी, कुलदीप गोंड, बबलू, संजीव सिंह, सुमित मिश्र सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
अंत में संघ के कोषाध्यक्ष प्रणव कुमार ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।











