Location: Manjhiaon
मझिआंव। मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मझिआंव एवं बरडीहा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की जाएगी। मझिआंव थाना परिसर में 22 जून को दोपहर 3:30 बजे तथा बरडीहा थाना परिसर में 21 जून को सुबह 10 बजे बैठक होगी।
इसकी जानकारी मझिआंव थाना प्रभारी अमित कुमार एवं बरडीहा थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि बैठक में मोहर्रम जुलूस के मार्ग, समय, सुरक्षा व्यवस्था, साउंड सिस्टम के उपयोग तथा आपसी सौहार्द बनाए रखने सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी।
थाना प्रभारियों ने कहा कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों से सहयोग की अपेक्षा की जाएगी। साथ ही सभी समुदायों के लोगों से बैठक में भाग लेने की अपील की गई है।
उन्होंने कहा कि मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है तथा सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। बैठक में प्राप्त सुझावों के आधार पर सुरक्षा एवं व्यवस्था संबंधी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।