Location: Manjhiaon
थाना प्रभारी ऋषिकेश सिंह ने छात्रों को नशे से दूर रहकर पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने की दी सलाह
मझिआंव (गढ़वा)। पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के निर्देश पर बरडीहा थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में सोमवार को बरडीहा टेन प्लस टू हाई स्कूल में छात्र-छात्राओं के बीच नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाया गया।
थाना प्रभारी ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा एक विनाशकारी आदत है, जो व्यक्ति के घर-परिवार और भविष्य को तबाह कर देती है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे इस बुरी लत से दूर रहें और पूरे मन से पढ़ाई करें, क्योंकि वे ही देश का भविष्य हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि नशे से बचने के लिए केवल खुद ही नहीं, बल्कि अपने सहपाठियों और आस-पास के लोगों को भी जागरूक करें। थाना प्रभारी ने शिक्षकों से भी आग्रह किया कि वे बच्चों को सही दिशा देने में सहयोग करें।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार यह जागरूकता अभियान 10 जून से 26 जून तक जिले भर में चलाया जा रहा है।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य कुमारी संध्या, शिक्षक विजय कुमार सिंह, अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।














