Location: रांची
रांची: चर्चित कहावत है ‘चोरी और सीनाजोरी’, चोर मचाए शोर, शोर सुनकर झारखंड के कांग्रेसी डर गए और राजद, माले के सामने सरेंडर कर दिया है. कांग्रेसियों ने आत्मसम्मान को इसलिए गिरवी रख दिया क्योंकि सत्ता बची रहे. मलाई चाभते रहें. मालपानी मिलता रहे. झारखंड से दिल्ली तक के नेताओं की खातिरदारी होती रहे. थैली का खेल जारी रहे. यदि ऐसा नहीं होता तो 4 + 2 विधायकों वाली पार्टी राजद और माले के सामने 16 विधायकों वाली पार्टी और इंडिया गठबंधन का दूसरा सबसे बड़ा पार्टनर इस तरह घुटने नहीं टेकता.
राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के मामले पर यदि कांग्रेस की गलती रहती तो बात समझ में आती. लेकिन यहां तो राजद और माले के विधायकों ने डंके की चोट पर क्रॉस वोटिंग की. कांग्रेस प्रत्याशी को हराया. इसके बाद चोरी और सीनाजोरी की तर्ज पर कांग्रेस को आंखें दिखाएई. भ्रष्टाचार का गंभीर आरोप लगाया. क्रॉस वोटिंग के आरोप को खारिज किया. न जाने क्या-क्या कहा. बावजूद कांग्रेस ने सत्ता के लोभ में सरेंडर कर दिया.
कांग्रेस के एक मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा, गठबंधन बचाने को लेकर वह विष पीने को तैयार हैं तो दूसरे मंत्री इरफान जो कल तक राजद, माले को विश्वासघाती, पीठ में खंजर भौंकने, पैसा लेकर वोट बेचने का आरोप लगा रहे थे. अब वह कह रहे हैं कि छोटे भाई को माफ कर दिया. इनके सात खून भी माफ हैं . यह माफी सत्ता का प्रेम है. माफी जिसको मांगनी चाहिए थी वह नहीं मांग रहा दूसरे बिना माफी मांगे उसे क्षमा कर रहे हैं. यह कांग्रेस का चरित्र है. अब कांग्रेस कितना नीचे गिरेगी.
इतना अपमानित होने के बाद भी कांग्रेसियों का सरकार में बने रहना कहां तक उचित है. कांग्रेस क्यों लगातार गर्त में जा रही है यह झारखंड प्रकरण से साफ हो गया है. कांग्रेस विनाश के रास्ते पर है. कार्यकर्ताओं का मनोबल ऐसी घटनाओं से गिरता है. हौसला टूटता है.
कांग्रेसियों को पता है कि वह सरकार से हट जाएंगे तो उनका अस्तित्व खत्म हो जाएगा. झारखंड में पार्टी का कोई जनाधार नहीं है. वह झामुमो के कंधे पर सवार होकर राजनीति कर रही है. राजद और माले जैसी छोटी पार्टी के सामने कांग्रेसी नतमस्तक हो गए. क्रॉस वोटिंग के मुद्दे पर पार्टी अब बैकफुट पर आ गई. प्रणव झा कांग्रेस आला कमान के उम्मीदवार थे. लेकिन उनकी भी झारखंड में दुर्गति हो गई. यह सीधे-सीधे आलाकमान की हार है. क्रॉस वोटिंग के मुद्दे पर झामुमो चुप है और वह मजे ले रहा है.