Location: सगमा
Writing
30 जुलाई से शुरू होगा राजा पहाड़ी श्रावणी मेला, श्रद्धालुओं के लिए भंडारा व ठहरने की विशेष व्यवस्था
सगमा/श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। गढ़वा जिले के ऐतिहासिक राजा पहाड़ी स्थित श्री नर्वदेश्वर महादेव मंदिर में 30 जुलाई से श्रावणी मेले का शुभारंभ होगा। मंदिर समिति ने मेले की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंचने की जानकारी दी है। इस वर्ष श्रद्धालुओं के लिए ठहरने, भंडारा, पेयजल, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक सुविधाओं की विशेष व्यवस्था की जा रही है।
मंदिर के मुख्य सेवादार पंडित गोविंद पाठक ने बताया कि प्रति वर्ष की भांति इस बार भी श्रावणी मेले को भव्य और दिव्य स्वरूप दिया जा रहा है। मंदिर समिति के सदस्य दिन-रात मंदिर परिसर की सजावट, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की तैयारियों में जुटे हैं।
उन्होंने बताया कि लगभग 600 फीट ऊंची राजा पहाड़ी पर स्थित श्री नर्वदेश्वर महादेव मंदिर का निर्माण वर्ष 1917 के दशक में एक सिद्ध संत के मार्गदर्शन में हुआ था। उनके बाद स्थानीय कन्हाई गुरुजी (कन्हाई साह) ने मंदिर की देखरेख की। लगभग 35 वर्ष पूर्व श्री बंशीधर नगर के लोगों ने ग्रामीणों और नगरवासियों के सहयोग से मंदिर समिति का गठन कर मंदिर के विकास का अभियान शुरू किया, जो आज भी निरंतर जारी है।
श्रावण मास के दौरान आयोजित होने वाले इस मेले में झारखंड के अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार और छत्तीसगढ़ से हजारों श्रद्धालु कांवर लेकर भगवान शिव का जलाभिषेक करने पहुंचते हैं। पूरे सावन माह मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहती है। प्राकृतिक सौंदर्य से घिरी राजा पहाड़ी का मनोरम दृश्य भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र है।
मंदिर समिति के अनुसार इस वर्ष श्रावणी मेले का समापन 28 अगस्त (रक्षाबंधन) के दिन होगा। इसके अगले दिन मंदिर परिसर से पारंपरिक एवं ऐतिहासिक शिव बारात निकाली जाएगी, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
मंदिर समिति ने सभी शिवभक्तों से श्रावणी मेले में शामिल होकर भगवान श्री नर्वदेश्वर महादेव का जलाभिषेक करने और धार्मिक आयोजन का हिस्सा बनने की अपील की है।











