Location: Shree banshidhar nagar
बंशीधर नगर : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को अनुमंडलीय व्यवहार न्यायालय परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से न्यायिक पदाधिकारियों एवं न्यायालय कर्मियों ने परिसर में पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर एडीजे-1 संजय कुमार सिंह, एडीजे-2 मनोज कुमार शर्मा, एसीजेएम राजश्री अपर्णा कुजूर, वरीय न्यायिक पदाधिकारी रवि कुमार भास्कर, वरीय न्यायिक पदाधिकारी निशिकांत, अनुमंडलीय विधिक सेवा समिति के सचिव सह एसडीजेएम आलोक ओझा तथा रजिस्ट्रार शैलेंद्र कुमार नापित ने संयुक्त रूप से न्यायालय परिसर में पौधारोपण किया।
कार्यक्रम में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ब्रजेश कुमार चौबे भी शामिल हुए। उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला।
एडीजे-1 संजय कुमार सिंह ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने तथा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण देने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना आवश्यक है। उन्होंने लोगों से पौधारोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि न्यायालय परिसर में लगे पेड़-पौधे पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने का कार्य करेंगे। इस अवसर पर बार एसोसिएशन के सचिव, कई अधिवक्ता तथा न्यायालय के कर्मचारी उपस्थित थे।










