Location: Manjhiaon
मझिआंव: प्रखंड क्षेत्र के रामपुर पंचायत अंतर्गत रानीताली गांव के वार्ड संख्या-07 में संतृप्त ग्राम अभियान के तहत बीसी के सहयोग से वित्तीय साक्षरता एवं बीमा जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में संस्था अग्रगति के सीएफएल को-ऑर्डिनेटर गुरुदेव विश्वकर्मा ने वित्तीय समावेशन एवं वित्तीय साक्षरता से संबंधित विस्तृत जानकारी देते हुए ग्रामीणों को जागरूक किया।
उन्होंने बचत की आदत, बजट निर्माण, बैंक खाते के लाभ, डिजिटल भुगतान, साइबर ठगी के तरीके तथा उससे बचाव के उपायों की जानकारी दी। साथ ही प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना एवं जनधन खाते के लाभों के बारे में विस्तार से बताया। खातों में केवाईसी अपडेट कराने तथा नॉमिनी का नाम दर्ज कराने की आवश्यकता पर भी विशेष जोर दिया गया।
शिविर में सीकेवाईसी, हेल्पलाइन नंबर 7799022129, राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 तथा भारतीय रिजर्व बैंक के टोल फ्री नंबर 14448 की जानकारी भी दी गई, ताकि साइबर अपराध का शिकार होने पर लोग समय पर शिकायत दर्ज कर सहायता प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम में वार्ड सदस्य निर्मला देवी, बीसी सुरेंद्र चौधरी, ग्रामीण बैंक के रामाशीष कुमार तथा भारतीय स्टेट बैंक के प्रतिनिधियों ने खाताधारकों को बीमा एवं बैंक खाता खोलने संबंधी जानकारी दी। शिविर के दौरान 20 खाताधारकों का बीमा किया गया तथा दो नए बैंक खाते भी खोले गए।
इस अवसर पर सूजान्ती देवी, साधु राम, सीता देवी, रीना कुमारी, प्रभा देवी, विकास कुमार, आरती कुमारी, अंजनी देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।