Location: Shree banshidhar nagar
रामनवमी पर बाइक जुलूस से गूंजा शहर, आज निकलेगा मंगला जुलूस
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। रामनवमी पर्व को लेकर शहर में धार्मिक उत्साह चरम पर है। पूरे क्षेत्र में भगवा ध्वज लगाए गए हैं और वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। सोमवार को हिंदू सेना के तत्वावधान में भव्य बाइक शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में राम भक्त शामिल हुए।
शोभायात्रा की शुरुआत गोसाईबाग स्थित लालाबागी से हुई। यह जुलूस मुख्य बाजार, बस स्टैंड, अहिपुरवा मोड़, हेन्हो मोड़ होते हुए भवनाथपुर मोड़ स्थित हनुमान मंदिर और आगे पाल्हे कलां के आशुतोष महादेव मंदिर तक गया। इसके बाद जुलूस पुनः बस स्टैंड पहुंचकर समाप्त हुआ। पूरे मार्ग में “जय श्री राम”, “हर हर महादेव” और “जय हनुमान” के नारों से माहौल गूंजता रहा।
बाइक जुलूस में शामिल युवाओं ने मोटरसाइकिल पर भगवा ध्वज लगाकर उत्साहपूर्वक भाग लिया। डीजे की धुन पर चल रहे जुलूस में विभिन्न गांवों से आए लगभग 500 से अधिक युवक शामिल थे। इस दौरान कई स्थानों पर शौर्य प्रदर्शन भी किया गया।
शोभायात्रा के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर स्थानीय पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा और पूरे मार्ग में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई।
हिंदू सेना के केंद्रीय अध्यक्ष विनीत कुमार शरद ने बताया कि रामनवमी को लेकर व्यापक तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि मंगलवार की शाम शहर में मंगला जुलूस निकाला जाएगा और हनुमान मंदिर में हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा। रामनवमी के दिन हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
इस मौके पर प्रकाश आनंद मिश्रा, रोहित चंद्रवंशी, नीरज सिंह, दयानंद प्रसाद, शशि मेहता, सुमित कुमार मेहता, प्रेम गुप्ता, रिशु कुमार, दीप जायसवाल, कोमल जायसवाल, बॉबी जायसवाल, आनंद कुमार, विकास पांडेय, सोनू कसेरा, आतिश ठाकुर, क्रांति चंद्रवंशी और मोहित कुमार सहित कई लोग उपस्थित थे।











