गढ़वा: देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की 84वीं जयंती के अवसर पर गुरुवार को गढ़वा जिले में सद्भावना दिवस के रूप में कार्यक्रम आयोजित किया गया। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रतिनिधि सह संयुक्त सचिव तथा गढ़वा जिला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्रीकांत तिवारी के नेतृत्व में टंडवा तिवारी पेट्रोल पंप परिसर में कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय राजीव गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से विचार गोष्ठी आयोजित की गई। मौके पर उपस्थित कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने वर्तमान परिस्थितियों में राजीव गांधी के विचारों और उनके कार्यों को आत्मसात करने की आवश्यकता पर चर्चा की।
इस अवसर पर श्रीकांत तिवारी ने स्वर्गीय राजीव गांधी के विचारों और देश के विकास में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी आधुनिक भारत के निर्माण और देश को नई तकनीक एवं विकास की दिशा में आगे ले जाने के लिए सदैव प्रयासरत रहे।
प्रदेश प्रतिनिधि अलख निरंजन चौबे एवं रामवृक्ष यादव ने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था की स्थापना और अधिकारों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने की दिशा में राजीव गांधी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके प्रयासों ने नए भारत की नींव को मजबूत करने का काम किया।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री आनंद चौबे, ब्रजेश तिवारी, परवेज आलम, धर्मेंद्र चौबे, रूपेश चंद्रवंशी, गीता कुमारी, दुखन मेहता, मयंक कुमार तिवारी, रामाशीष, सुधीर पासवान, नीतू कुमारी सहित काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित थे।












