Location: Shree banshidhar nagar
श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब रक्शा पुल के नीचे एक बुजुर्ग का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान बिलासपुर गांव निवासी स्वर्गीय आलमचंद साह के 74 वर्षीय पुत्र गंगा प्रसाद के रूप में की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गंगा प्रसाद रविवार को घर से निकले थे और तब से नगर उंटारी क्षेत्र में ही रह रहे थे। बुधवार सुबह स्थानीय लोगों की नजर पुल के नीचे पड़े शव पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। परिजनों और पुलिस के अनुसार, गंगा प्रसाद की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि वे अनजाने में पुल से गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत और शोक का माहौल बना हुआ है।











