Location: कांडी
कांडी प्रखण्ड मुख्यालय स्थित भारत पेट्रोलियम पम्प के समीप संचालित कम्पोजिट शराब दुकान में मंगलवार की देर रात अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर दुकान से शराब की 29 पेटी चुरा ले गए, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, दुकान का अनुज्ञप्ति संख्या 013/सी ओ एन/जी ए आर/25-26 है। घटना का खुलासा बुधवार सुबह तब हुआ जब दुकान के कर्मी रोज की तरह पहुंचे और दुकान खोली। अंदर का नजारा देखकर सभी हैरान रह गए और देखते ही देखते यह खबर पूरे क्षेत्र में फैल गई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रोबिन उरांव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं पुलिस निरीक्षक ब्रिज कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान दुकान से लगभग 100 मीटर दूर एक नवनिर्मित मकान के पीछे टूटा हुआ ताला बरामद किया गया। साथ ही यह भी पाया गया कि चोरों ने दुकान के शटर का ताला तोड़ने का प्रयास किया था, लेकिन उसमें वे सफल नहीं हो सके।
स्थानीय पत्रकारों द्वारा अनुज्ञप्तिधारी ज्योति राजा गुप्ता और दुकान के कर्मचारियों से पूछताछ की गई, लेकिन उन्होंने इस मामले में कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। पुलिस निरीक्षक ब्रिज कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही चोरों की गिरफ्तारी की जाएगी। साथ ही उन्होंने दुकान संचालक को सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरा लगाने की सलाह दी।
घटनास्थल पर कॉन्स्टेबल सचिन पांडेय ने टॉर्च और तकनीकी उपकरणों की मदद से फेंके गए ताले पर फिंगरप्रिंट की जांच की। इस दौरान एसआई रौशन कुमार राम, विनय मांझी, संतोष कुमार यादव, प्रखण्ड प्रमुख सत्येन्द्र कुमार पांडेय उर्फ पिंकू पांडेय, जिला परिषद प्रतिनिधि दिनेश कुमार, पंचायत समिति प्रतिनिधि अनूप कुमार समेत कई लोग मौजूद रहे।
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। हाल के दिनों में यह दूसरी बड़ी चोरी है, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं।











