Location: सगमा

गढ़वा जिले के धुरकी थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, दुशैया गांव निवासी 30 वर्षीय धर्मजीत भुइयां अपने रिश्तेदार संदीप भुइयां के साथ बाइक से मुड़ी सेमर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान धुरकी-बिलासपुर मुख्य पथ पर सामने से आ रहे वाहन से बचने के प्रयास में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई।
हादसे में धर्मजीत भुइयां की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि संदीप भुइयां गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों की मदद से उसे इलाज के लिए श्री बंशीधर नगर भेजा गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेज दिया।
घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।











