Location: Manjhiaon
मझिआंव (प्रतिनिधि):
बरडीहा प्रखंड सह अंचल कार्यालय सभागार में शुक्रवार को आयोजित समीक्षा बैठक में स्थानीय विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सख्त रुख अपनाते हुए भ्रष्टाचार और बिचौलियागिरी के खिलाफ खुली चेतावनी दी। बैठक में प्रखंड व अंचल के पदाधिकारी, कर्मचारी, थाना प्रभारी तथा पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने प्रखंड और अंचल कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार, योजनाओं में पारदर्शिता की कमी और गरीबों के कार्यों में हो रही देरी को लेकर गंभीर शिकायतें रखीं। कई पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि आवास एवं विकास योजनाओं की जानकारी उन्हें समय पर नहीं दी जाती, जिससे वे जनता के सवालों का जवाब नहीं दे पाते और वास्तविक लाभुक योजनाओं से वंचित रह जाते हैं।
राशन वितरण में भी अनियमितता की शिकायत सामने आई, जिसमें लाभुकों को प्रति यूनिट 2-2 किलो तक कम राशन दिए जाने की बात कही गई। इसके अलावा जाति, आय और निवास प्रमाण पत्र बनाने में अनावश्यक देरी और परेशानियों का मुद्दा भी उठाया गया।
इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने विशेष रूप से जमीन म्यूटेशन में हो रहे भ्रष्टाचार और बिचौलियों की सक्रियता पर नाराजगी जताई और स्पष्ट कहा कि इस तरह की गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्यशैली में सुधार नहीं हुआ तो वे स्वयं उपायुक्त से मिलकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। साथ ही उन्होंने यह भी घोषणा की कि अब प्रत्येक माह प्रखंड और अंचल स्तर पर समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी और अगली बैठक में जिनके खिलाफ शिकायतें मिलेंगी, उन पर सीधे कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जिप सदस्य अर्चना प्रकाश, बीडीओ सह सीओ राजेश कुमार, थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह, विधायक प्रतिनिधि बसंत चौधरी, प्रमुख सुनिता देवी, पंचायत मुखिया, सांसद प्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग एवं बिजली विभाग के कर्मी सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित थे।











