Location: Manjhiaon
मझिआंव (प्रतिनिधि): सरकार द्वारा किसानों को नि:शुल्क बीज वितरण को लेकर बरडीहा प्रखंड में बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। बीज वितरण की पारदर्शिता और अनियमितता को लेकर वीटीएम (बीटीएम) आकाश कुमार और प्रखंड उप-प्रमुख सकेन्द्र पासवान के बीच ज़ोरदार विवाद हो गया, जो कथित तौर पर धक्का-मुक्की तक पहुंच गया।
एक वायरल वीडियो के अनुसार, वीटीएम आकाश कुमार जब मोटरसाइकिल से बीज वितरण कर लौट रहे थे, उसी दौरान उप-प्रमुख सकेन्द्र पासवान ने अपने समर्थकों के साथ उनका पीछा कर रास्ते में रोक लिया और बीज वितरण में भारी अनियमितता का आरोप लगाते हुए विरोध किया। आरोप है कि कुछ किसानों को एक बोरा बीज दिया गया तो कुछ को एक किलो भी नहीं।
वीटीएम आकाश कुमार ने अपनी सफाई में बताया कि बरडीहा प्रखंड में कुल 37.25 क्विंटल बीज आया है, जिसमें उरद, बदाम, धान, मक्का, मड़ुआ, अरहर आदि शामिल हैं। बीज वितरण विभागीय आदेशानुसार किसानों के आधार कार्ड व ओटीपी सत्यापन के बाद फोटो खींचकर ही किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह बीज भाग्य नवनीत क्लस्टर के तहत सलगा पंचायत के लिए आया था, लेकिन बरडीहा पंचायत के कुछ लोग भी बीज की मांग कर रहे थे।
आकाश कुमार ने आरोप लगाया कि उप-प्रमुख ने रास्ते में रोककर उनके साथ बदसलूकी की और अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया, जबकि बातचीत प्रखंड कार्यालय में भी हो सकती थी। उन्होंने यह भी बताया कि बीटीएम को पिछले 8 माह से वेतन नहीं मिला है, इसके बावजूद वे विभाग के निर्देश पर ईमानदारी से काम कर रहे हैं।
इस पूरे प्रकरण पर प्रभारी बीडीओ सह सीओ राकेश सहाय ने कहा कि उप-प्रमुख सकेन्द्र पासवान पूर्व में भी 15वें वित्त से संबंधित कार्यों में बाधा डाल चुके हैं। अगर वीटीएम की ओर से लिखित शिकायत मिलती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, दूसरी ओर उप-प्रमुख सकेन्द्र पासवान व उनके समर्थकों की ओर से जिला स्तर पर वीटीएम के खिलाफ शिकायत देने की बात कही गई है।
अब देखना यह दिलचस्प होगा कि इस विवाद में प्रशासन दोनों पक्षों पर क्या कदम उठाता है और बीज वितरण जैसी जनहित योजना को लेकर हुए टकराव का समाधान कैसे होता है।














