Location: Manjhiaon
मझिआंव। मझिआंव थाना पुलिस ने मेराल थाना क्षेत्र के पतहरिया गांव निवासी 40 वर्षीय नितेश गुप्ता के घर पर शनिवार को न्यायालय के निर्देशानुसार इश्तिहार चस्पा किया। इस दौरान पूरे गांव में ढोल-नगाड़ा बजवाकर मुनादी भी कराई गई।
मामले के अनुसंधानकर्ता सब इंस्पेक्टर चंदन प्रधान ने बताया कि मझिआंव थाना क्षेत्र के देवन कारा गांव निवासी एक व्यक्ति ने अपनी 16 वर्षीय नाबालिग बेटी के अपहरण का मामला दर्ज कराया था। आरोप है कि नितेश गुप्ता ने मोबाइल के जरिए संपर्क कर 21 मई 2025 की मध्य रात्रि में लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था।
इस संबंध में मझिआंव थाना कांड संख्या 68/2025 के तहत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 15 दिनों बाद नाबालिग लड़की को बरामद कर परिजनों को सौंप दिया था, लेकिन आरोपी तब से अब तक फरार है।
पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर आरोपी के घर इश्तिहार चस्पा करते हुए चेतावनी दी है कि यदि एक माह के भीतर वह न्यायालय या पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण नहीं करता है, तो उसके घर की कुर्की-जप्ती की कार्रवाई की जाएगी।
इश्तिहार चस्पा करने के दौरान पूरे गांव में ढोल-नगाड़ा बजाकर और वाहन पर ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से आरोपी को हर हाल में आत्मसमर्पण करने की अपील की गई।











