Location: सगमा
धुरकी। थाना क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में धुरकी बाजार क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर थाना प्रभारी जनार्दन राउत के नेतृत्व में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने करीब 150 किलोग्राम जावा महुआ एवं शराब निर्माण में उपयोग की जाने वाली अन्य सामग्रियां बरामद कर मौके पर ही नष्ट कर दीं।
थाना प्रभारी जनार्दन राउत ने बताया कि क्षेत्र में किसी भी कीमत पर अवैध शराब के कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा। इसके लिए पुलिस लगातार निगरानी रख रही है तथा समय-समय पर विशेष छापेमारी अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गुप्त सूचनाओं के आधार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है और कई लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि अवैध शराब निर्माण और बिक्री में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। थाना क्षेत्र में सक्रिय शराब कारोबारियों पर पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है।
पुलिस ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि कहीं अवैध शराब के निर्माण या बिक्री की सूचना मिले तो इसकी जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके और क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।










