Location: सगमा
गढ़वा जिले के सगमा प्रखंड अंतर्गत धुरकी थाना क्षेत्र के बीरबल गांव में रविवार सुबह एक सड़क हादसे में पितुर गांव निवासी 45 वर्षीय बिगन बैठा गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, वह सुबह करीब 11 बजे मुड़ी सेमर बाजार से अपने घर लौट रहे थे, तभी बीरबल चौराहे के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर एक मकान की दीवार से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिगन बैठा के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही प्रखंड प्रमुख अजय साह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के सहयोग से घायल को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल श्री बंशीधर नगर भेजा गया।
ग्रामीणों के अनुसार, हादसे की एक वजह यह भी हो सकती है कि पिछली रात उनके घर में तिलक समारोह था, जिससे थकान के कारण बाइक चलाते समय उन्हें नींद की झपकी आ गई और यह दुर्घटना हो गई। फिलहाल अस्पताल में उनका इलाज जारी है और स्थिति गंभीर बताई जा रही है।











