डेढ़ माह बाद भी हत्या के आरोपित गिरफ्तार नहीं, न्याय की मांग को लेकर परिजनों ने दी आंदोलन और आत्मदाह की चेतावनी

Location: Manjhiaon



मझिआंव (गढ़वा): मझिआंव थाना क्षेत्र के खरसोता गांव निवासी स्वर्गीय प्रकाश चौधरी के 34 वर्षीय पुत्र सुनील चौधरी की हत्या के मामले में डेढ़ माह बीत जाने के बावजूद आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने से परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हुए और आरोप लगाया कि पुलिस की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। परिजनों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र न्याय नहीं मिला तो पहले सड़क जाम किया जाएगा और उसके बाद आत्मदाह जैसा कदम उठाने को विवश होंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 18 मई को सुनील चौधरी अपनी पत्नी और बच्चों को लेने मेराल थाना क्षेत्र के गेरुआ गांव स्थित ससुराल गया था। आरोप है कि वहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद उसके साले प्रदीप चौधरी सहित 5-7 लोगों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और कलवर्ट के नीचे फेंक दिया। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। घायल अवस्था में सुनील ने अपने भाई अनिल चौधरी को कथित रूप से बताया कि उसके साथ प्रदीप चौधरी एवं अन्य लोगों ने मारपीट की है। इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक के भाई अनिल चौधरी के आवेदन पर मेराल थाना कांड संख्या 112/26, दिनांक 23 मई 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) एवं 238 के अंतर्गत प्रदीप चौधरी सहित 5-7 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई।
परिजनों का आरोप है कि प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद अब तक किसी भी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उनका कहना है कि वे पुलिस अधीक्षक कार्यालय, डीएसपी कार्यालय तथा मेराल थाना का कई बार चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन उन्हें न्याय नहीं मिला। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि उनसे समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा है।
मृतक की पत्नी ललित कुअर ने कहा कि उनके पति की हत्या की गई है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जानी चाहिए। वहीं मृतक की मां सनपतिया कुअर ने भी बेटे के हत्यारों को फांसी की सजा देने की मांग की।
मृतक के करीब 10 वर्षीय पुत्र संजीत कुमार ने भी आरोप लगाया कि उसके मामा प्रदीप चौधरी समेत अन्य लोगों ने उसके पिता की पिटाई की थी, जिससे उनकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मारपीट से मौत होने की बात सामने आई है, इसके बावजूद गिरफ्तारी नहीं होना गंभीर सवाल खड़े करता है।
मृतक अपने पीछे पत्नी ललित कुअर, 12 वर्षीय पुत्री पूजा, 10 वर्षीय पुत्र संजीत कुमार तथा 8 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार को छोड़ गया है। परिवार का कहना है कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो पहले सड़क जाम किया जाएगा और उसके बाद प्रशासन के खिलाफ आत्मदाह जैसा कदम उठाने को मजबूर होंगे।
मंगलवार को पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि विजय राम, उपमुखिया जनेश्वर चौधरी, वार्ड सदस्य प्रमिला देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने बैठक कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि यदि पुलिस शीघ्र कार्रवाई नहीं करती है तो वे आंदोलन तेज करेंगे।
पुलिस का पक्ष:
इस संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) ढिल्लू लोहरा ने बताया कि मामले की जांच जारी है। सोमवार को भी संबंधित लोगों से पूछताछ की गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी साक्ष्य जुटा रही है और यह जांच की जा रही है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि पीड़ित परिवार को हर हाल में न्याय दिलाया जाएगा।

आपकी राय महत्वपूर्ण है!

इस समाचार पर आपकी क्या राय है? कृपया हमारे लेख को लाइक या डिसलाइक बटन से रेट करें और अपनी प्रतिक्रिया कमेंट सेक्शन में साझा करें। आपके विचार और सुझाव हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं और हमें बेहतर सेवा देने में मदद करेंगे। धन्यवाद!

  • Sarita Rani

    Location: Manjhiaon/Bardiha Sarita Rani is reporter at आपकी खबर News from Manjhiaon/Bardiha

    Reactions about this news

    News You may have Missed

    चैनपुर के बोड़ी में कथित अवैध ईंट भट्ठा संचालन का आरोप, ग्रामीणों ने जांच की उठाई मांग

    चैनपुर के बोड़ी में कथित अवैध ईंट भट्ठा संचालन का आरोप, ग्रामीणों ने जांच की उठाई मांग

    डेढ़ माह बाद भी हत्या के आरोपित गिरफ्तार नहीं, न्याय की मांग को लेकर परिजनों ने दी आंदोलन और आत्मदाह की चेतावनी

    डेढ़ माह बाद भी हत्या के आरोपित गिरफ्तार नहीं, न्याय की मांग को लेकर परिजनों ने दी आंदोलन और आत्मदाह की चेतावनी

    वज्रपात की चपेट में आया युवक, गंभीर हालत में सदर अस्पताल रेफर

    वज्रपात की चपेट में आया युवक, गंभीर हालत में सदर अस्पताल रेफर

    डीआईजी किशोर कौशल ने किया मेराल थाना का निरीक्षण, कहा- शिकायतकर्ताओं से मित्रवत व्यवहार करें, थाना बने पब्लिक फ्रेंडली

    डीआईजी किशोर कौशल ने किया मेराल थाना का निरीक्षण, कहा- शिकायतकर्ताओं से मित्रवत व्यवहार करें, थाना बने पब्लिक फ्रेंडली

    वज्रपात की चपेट में आने से दुधारू गाय की मौत

    वज्रपात की चपेट में आने से दुधारू गाय की मौत

    डैम में नहाने के दौरान युवक की डूबने से मौत, गांव में पसरा मातम

    डैम में नहाने के दौरान युवक की डूबने से मौत, गांव में पसरा मातम
    error: Content is protected !!