Location: Garhwa
सालगिरह पर जीवनदान: सोनू सोनी की मानवता ने रच दिया अनमोल उदाहरण
गढ़वा : परमेश्वरी हॉस्पिटल में उस समय हालात बेहद चिंताजनक हो गए जब एक महिला मरीज की स्थिति अचानक गंभीर हो गई और डॉक्टरों ने तुरंत O- नेगेटिव रक्त की आवश्यकता जताई। यह दुर्लभ रक्त समूह आमतौर पर 100 में से सिर्फ 1 व्यक्ति में ही पाया जाता है, जिससे स्थिति और भी अधिक गंभीर हो गई।
तत्कालीन संकट को देखते हुए वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. कुमार निशांत सिंह ने सामाजिक संगठन ‘टीम दिल का दौलत’ के संयोजक दौलत सोनी से संपर्क किया। दौलत सोनी ने तुरंत अपने व्हाट्सएप ग्रुप में भावनात्मक अपील जारी की, जिसका असर यह हुआ कि कुछ ही पलों में एक नाम सामने आया — टंडवा निवासी सोनू सोनी।
जिस दिन अधिकतर लोग निजी उत्सव में व्यस्त होते हैं, उसी दिन सोनू सोनी ने अपनी 11वीं शादी की सालगिरह के अवसर पर मानवता को प्राथमिकता दी। उन्होंने न केवल अपनी खुशी को जरूरतमंद के जीवन से जोड़ा, बल्कि गढ़वा ब्लड बैंक पहुंचकर अपना आठवां रक्तदान करते हुए महिला को जीवनदान दिया।
टीम संयोजक दौलत सोनी ने कहा की इस टीम की स्थापना ही इस सोच पर हुई थी कि कोई भी व्यक्ति रक्त के अभाव में अपनी जान न गंवाए। सोनू भाई ने आज जो किया, वह हमारी टीम की आत्मा को जीवंत करता है।
गढ़वा में सामाजिक चेतना और समर्पण की यह मिसाल केवल एक रक्तदान नहीं थी, बल्कि सेवा, संवेदना और मानवता का एक अद्वितीय उदाहरण बन गई। O- नेगेटिव जैसे अत्यंत दुर्लभ रक्त की समय पर उपलब्धता ने यह सिद्ध किया कि जब समाज जागरूक और संगठित होता है, तब हर आपदा से निपटना संभव है।














