Location: Garhwa
गढ़वा। भाजपा गढ़वा विधानसभा स्तरीय दो दिवसीय आवासीय “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान” का आयोजन 28 मार्च से 29 मार्च तक किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष उदय कुशवाहा ने की।
इस प्रशिक्षण अभियान में मेराल उत्तरी, मेराल दक्षिणी, गोवावल, नगर मंडल, गढ़वा ग्रामीण और डंडा मंडल सहित विभिन्न क्षेत्रों के कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक संरचना और कार्यपद्धति से अवगत कराना था।
प्रशिक्षण के दौरान वक्ताओं ने भारतीय जनसंघ से लेकर भाजपा के गठन और वर्तमान सरकार की उपलब्धियों तक का विस्तृत इतिहास प्रस्तुत किया। साथ ही संगठन के बूथ स्तर से जिला स्तर तक के ढांचे, नियम, सिद्धांत और कार्य प्रणाली की जानकारी दी गई।
विभिन्न सत्रों में भाजपा का इतिहास एवं विकास, संगठन विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण, वैचारिक अधिष्ठान, कार्य विस्तार की रणनीति, केंद्र सरकार की उपलब्धियां, सोशल मीडिया का उपयोग, बूथ प्रबंधन तथा “मन की बात” और अंत्योदय जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद घुरण राम, भाजपा नेता बिनय चौबे, रघुराज पांडेय, ओमप्रकाश केशरी, सुरज गुप्ता, विधायक प्रतिनिधि विवेकानंद तिवारी, मुरली श्याम तिवारी, संतोष दुबे, रितेश चौबे, रामशीष तिवारी, लक्ष्मण राम, बिनोद चंद्रवंशी, डॉ. लाल मोहन, जितेंद्र चंद्रवंशी, विकास तिवारी, परीक्षित तिवारी, राजेश यादव, अशोक केशरी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन कार्यकर्ताओं को संगठन को मजबूत करने और जन-जन तक पार्टी की नीतियों को पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ।











