Location: Garhwa
गढ़वा : नगर परिषद गढ़वा की निवर्तमान अध्यक्ष पिंकी केसरी और वार्ड संख्या 5 की निवर्तमान पार्षद अंजू देवी ने शनिवार को नवपदस्थापित उपायुक्त से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने नगर क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं और लंबित कार्यों पर चर्चा करते हुए त्वरित पहल की मांग की।
सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट को लेकर उठाए गए मुद्दे:पिंकी केसरी ने कहा कि केरवा-सुखवाना स्थित डंपिंग यार्ड में ठोस कचरे के निष्पादन का कार्य लंबे समय से ठप है। नगर परिषद द्वारा पूर्व में लिगेसी वेस्ट योजना के तहत कचरे की सफाई की गई थी और उससे प्राप्त प्लास्टिक एवं अन्य अनुपयोगी सामग्री का निस्तारण सीमेंट फैक्ट्रियों में कराया गया था। अब जरूरत है कि रोजाना उत्पन्न हो रहे कचरे का नियमित रूप से निपटारा किया जाए। डंपिंग यार्ड में बाउंड्री सहित कई अधूरी संरचनाएं हैं, जिन्हें पूरा कर कार्य पुनः प्रारंभ करने का अनुरोध किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना (वर्टिकल-3) में पहुंच पथ की मांग: वार्ड संख्या 4, सोनपुरवा रेलवे लाइन पार क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 360 फ्लैट बनकर लगभग तैयार हैं, लेकिन 300-400 फीट लंबी पहुंच पथ की कमी के कारण लाभुकों को आवास आवंटन नहीं हो पा रहा है। अध्यक्ष व पार्षद ने उपायुक्त से शीघ्र सड़क निर्माण कराने का अनुरोध किया। उपायुक्त ने दिया सकारात्मक आश्वासन:उपायुक्त ने दोनों जनप्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुना और समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिलाया। इस दौरान पिंकी केसरी ने उपायुक्त को गुलदस्ता भेंट कर पदभार ग्रहण की शुभकामनाएं भी दीं।














