

कांडी : प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार को छिटपुट रूप से माँ शारदे की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। हालांकि, खर दिन मंगलवार होने के कारण अधिकांश प्रतिमाओं का विसर्जन नहीं किया गया।
खर दिन के कारण कम हुआ विसर्जन
शास्त्रों के अनुसार, खर दिन (रविवार और मंगलवार) को बेटी की विदाई वर्जित मानी जाती है, विशेष परिस्थितियों में ही यह किया जाता है। इसी कारण अधिकांश पूजा पंडालों में प्रतिमाओं का विसर्जन बुधवार को किया जाएगा।
हवन यज्ञ में विद्यार्थियों की भागीदारी
इससे पूर्व, पूजा के दूसरे दिन सभी पूजा पंडालों में हवन यज्ञ सम्पन्न हुआ। पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन संपन्न कराया, जिसमें विद्यार्थियों और श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
श्रद्धालुओं ने सतबहिनी झरना तीर्थ में किया विसर्जन
कुछ श्रद्धालुओं ने सतबहिनी झरना तीर्थ में माँ शारदे की प्रतिमा विसर्जित की। बुधवार को अधिकांश प्रतिमाओं का विसर्जन धूमधाम से किया जाएगा।