Location: Garhwa
गढ़वा : जिले के डंडई प्रखंड अंतर्गत जरही गांव में शुक्रवार को अवैध शराब के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने सघन छापेमारी अभियान चलाया। अभियान के दौरान दो चलती अवैध शराब भट्ठियों को ध्वस्त किया गया और भारी मात्रा में महुआ जावा एवं अन्य निर्माण सामग्री को मौके पर नष्ट कर दिया गया।
एसडीएम की गाड़ी गांव में पहुंचते ही शराब कारोबारी फरार हो गए। इसके बावजूद पुलिस बल ने स्थानीय लोगों व ग्राम चौकीदार की मदद से नदी किनारे सर्च अभियान चलाया और कुछ संदिग्ध ठिकानों की पहचान की। एक घर के बेसमेंट से शराब निर्माण के उपकरण व एक गैलन में तैयार शराब भी जब्त कर नष्ट किया गया।
एसडीएम संजय कुमार ने कहा कि जरही गांव में अवैध शराब कारोबार की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इस पर सख्त कदम उठाते हुए उन्होंने उत्पाद विभाग और थाना प्रभारी को नियमित गश्त और कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अगर ऐसे कृत्य किसी गांव में संगठनात्मक रूप से पनपते पाए जाते हैं, तो वहां के मुखिया और चौकीदार की भी जिम्मेदारी तय की जाएगी।
उन्होंने नशे के कारोबार में लिप्त लोगों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि वे यह धंधा छोड़ें और वैकल्पिक रोजगार अपनाएं, प्रशासन उन्हें हर संभव मदद देगा। साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की कि यदि उन्हें इस तरह के गैरकानूनी कार्यों की जानकारी हो तो वे थाना, अंचल या अनुमंडल कार्यालय को सूचित करें—उनकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।














