Location: Shree banshidhar nagar
अधौरा में सीआरपी की बैठक, शिक्षा कार्यों की समीक्षा के साथ कई अहम निर्देश
अधौरा (प्रतिनिधि): नगर-प्रखंड संसाधन केंद्र अधौरा में शनिवार को प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी बिरेन्द्र प्रसाद की अध्यक्षता में सभी सीआरपी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा विभाग से जुड़े विभिन्न कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
रुआर लिंक भरने की समीक्षा के दौरान प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी ने बताया कि प्रखंड ने शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया है। इसके लिए उन्होंने सभी बीआरपी, सीआरपी एवं प्रधानाध्यापकों को धन्यवाद दिया। स्टूडेंट्स प्रोग्रेशन कार्य की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि दो दिनों के भीतर इस कार्य को शत-प्रतिशत पूरा कराया जाए।
उन्होंने सीआरपी को निर्देश दिया कि टीएनए के तहत सभी शिक्षकों का रजिस्ट्रेशन 3 मई तक हर हाल में पूर्ण कराया जाए। साथ ही 4 और 5 मई को प्रोजेक्ट रेल परीक्षा आयोजित कर मूल्यांकन के बाद ई-विद्या वाहिनी में सभी विद्यालयों द्वारा इंट्री सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में शिक्षक एवं छात्र उपस्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए। बीपीओ ने सभी छात्रों का शत-प्रतिशत आधार नामांकन कराने, ट्रांजीशन एवं नए नामांकन की गहन निगरानी करने पर जोर दिया। साथ ही वर्गवार नामांकन एवं वर्ग 8 में अध्ययनरत अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
बीआरपी श्रीकांत चौबे ने प्रयास सह प्रोजेक्ट इंपैक्ट, इको क्लब के तहत पौधारोपण एवं प्रोजेक्ट आधारित शिक्षा पर बल दिया तथा विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण बेसिक शिक्षा सुनिश्चित करने की बात कही।
बैठक में लेखपाल प्रदीप शुक्ल, सीआरपी संजय कुमार सिंह, प्रशांत कुमार देव, अजय कुमार, बिरेन्द्र प्रजापति, शक्तिदास सिन्हा, शोभा कुमारी एवं कंप्यूटर कोऑर्डिनेटर राजकुमार कुशवाहा सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।
श्री बंशीधर नगर में ‘रोजी-रोटी’ विषयक विचार गोष्ठी, रोजगार और पर्यावरण पर चिंता व्यक्त
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा): स्थानीय जलक्रांति भवन में शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के तत्वावधान में ‘रोजी-रोटी’ विषयक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने रोजगार, पर्यावरण और सामाजिक परिस्थितियों पर अपने विचार रखे।
वक्ताओं ने कहा कि उदारीकरण और मशीनीकरण के कारण पारंपरिक रोजगार के साधनों पर संकट गहराया है तथा बेरोजगारी बढ़ी है। साथ ही जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा, बंद पड़ी खदानों को चालू करने और सिंचाई परियोजनाओं को पूरा करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया, ताकि रोजगार के अवसर बढ़ सकें।
कार्यक्रम में कई सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए। गोष्ठी की अध्यक्षता रामेश्वर प्रसाद अकेला ने की तथा संचालन विनोद ठाकुर ने किया।
श्री बंशीधर नगर में ओवरलोड कोयला लदे चार ट्रक जब्त, जांच जारी
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा): पुलिस ने शुक्रवार रात विलासपुर टोल प्लाजा के पास ओवरलोड कोयला लदे चार ट्रकों को पकड़कर थाना लाया है। मामले में आगे की कार्रवाई के लिए जिला परिवहन पदाधिकारी को पत्र भेजा गया है।
थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने बताया कि मध्य प्रदेश के सिंगरौली से 16 चक्का के चार ट्रक ओवरलोड कोयला लेकर रामगढ़ स्थित अनंदिता स्टील जा रहे थे। जांच के दौरान सभी ट्रकों में क्षमता से अधिक कोयला लदा पाया गया।
इस संबंध में जिला परिवहन पदाधिकारी से आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।











