Location: Garhwa

रमना (गढ़वा) : रांची–वाराणसी फोरलेन इकोनामिक कॉरिडोर पर रमना-रामगढ़ जंक्शन के समीप बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे हुई सड़क दुर्घटना में रमना- झुस्हा राजा बियार के 25 वर्षिय पुत्र पंकज बियार की मौत हो गई।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव के साथ फोरलेन को जाम कर दिया। जाम के कारण आवागमन पूरी तरह ठप हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना मिलते ही रमना थाना पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों के तीव्र आक्रोश के कारण पुलिस को कुछ देर के लिए पीछे हटना पड़ा। मृतक के स्वजनों के समर्थन में उग्र ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और फोरलेन के साथ-साथ शहीद भगत सिंह चौक के आसपास भी जाम कर मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपये मुआवजा, घटनास्थल पर सर्विस लेन निर्माण तथा एक आश्रित को सरकारी नौकरी देने की मांग पर अड़े थे।
इसी बिच थाना प्रभारी आकाश कुमार पुलिस वाहन से कैदी को लेकर गढ़वा जा रहे थे, लेकिन उक्त वाहन भी जाम में फस गया। पुलिस जब जाम से निकलने का प्रयास कर रही थी, तभी कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को भी भीड़ को खड़े रहने का प्रयास किया। इस घटना में पुलिसकर्मियों और कुछ ग्रामीणों को हल्की चोटें आईं, जबकि पथराव में एक पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना पर जाम स्थल पर पहुंचे झामुमो के नेता ताहिर अंसारी, जिला परिषद अध्यक्ष शांति देवी, प्रखंड प्रमुख करुणा सोनी, दीपक प्रताप देव, विधायक प्रतिनिधि रोहित वर्मा,अनुज कुमार चंद्रवंशी, अजीत कुमार सोनी व अशोक पासवान सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों व परिजनों को समझाकर शांत कराया।
सीओं विकास पांडेय और पुलिस निरीक्षक जितेंद्र कुमार ने तत्काल एक लाख रुपये नगद सहायता, पारिवारिक लाभ योजना का लाभ दिलाने तथा सर्विस लेन निर्माण के लिए पहल करने का आश्वासन दिया। प्रशासन के आश्वासन के बाद करीब साढ़े छह घंटे बाद शाम पांच बजे जाम समाप्त हुआ और यातायात सामान्य हो सका।











