Location: Shree banshidhar nagar
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को श्री बंशीधर नगर अनुमंडल मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों में देशभक्ति का माहौल रहा। सरकारी, गैर सरकारी एवं शिक्षण संस्थानों में पूरे सम्मान के साथ तिरंगा फहराया गया। इस दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
अनुमंडल मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में एसडीओ प्रभाकर मिर्धा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। पुलिस बल के जवानों ने तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया।
अनुमंडल कार्यालय एवं एसडीओ आवास में एसडीओ प्रभाकर मिर्धा, एसडीपीओ कार्यालय एवं आवास में एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह, पुलिस निरीक्षक कार्यालय में इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार आजाद, प्रखंड कार्यालय में प्रमुख उर्मिला देवी तथा अनुमंडलीय अस्पताल में चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुचित्रा कुमारी ने ध्वजारोहण किया।
नगर ऊंटारी थाना में थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार, महिला थाना में थाना प्रभारी रुक्मिणी कुमारी तथा नगर पंचायत कार्यालय में अध्यक्ष साधना प्रकाश ने तिरंगा फहराया। चैंबर ऑफ कॉमर्स में संरक्षक उदय प्रकाश जायसवाल ने ध्वजारोहण किया।
गुलाब हॉस्पिटल एंड नर्सिंग कॉलेज तथा अनुमंडलीय पेंशनर समाज कार्यालय में पूर्व मंत्री रामचंद्र केसरी ने तिरंगा फहराया। शंकर प्रताप देव डिग्री कॉलेज में विधायक अनंत प्रताप देव तथा एमके इंटरनेशनल स्कूल में अध्यक्ष डॉ. अभिमन्यु सिंह ने ध्वजारोहण किया। उपकार श्री बंशीधर नगर, रेलवे स्टेशन, वन विभाग परिसर सहित विभिन्न विद्यालयों एवं अन्य सरकारी-गैर सरकारी संस्थानों में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया।
ध्वजारोहण के बाद विभिन्न स्थानों पर राष्ट्रगान हुआ। भारत माता की जय, वंदे मातरम, महात्मा गांधी अमर रहें, नेताजी सुभाष चंद्र बोस अमर रहें और वीर शहीद अमर रहें के नारों से वातावरण देशभक्ति से सराबोर रहा।
पूर्व मंत्री रामचंद्र केसरी ने किया ध्वजारोहण
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सह पूर्व मंत्री रामचंद्र केसरी के चचेरिया स्थित आवासीय कार्यालय परिसर में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। राष्ट्रगान के बाद उपस्थित लोगों ने स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
रामचंद्र केसरी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को याद करने का अवसर है। उनकी कुर्बानी देशवासियों को राष्ट्रहित में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती रहेगी। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और समाजसेवा को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
सत्संग उपासना केंद्र उर्जीतपा में भी फहराया तिरंगा
सत्संग उपासना केंद्र उर्जीतपा में श्री श्री ठाकुर अनुकूल चंद्र जी के अनुयायियों की ओर से ध्वजारोहण एवं साप्ताहिक सत्संग का आयोजन किया गया। वरिष्ठ ऋत्विक विजय नंदन सिन्हा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद वंदे मातरम् और राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया तथा अमर शहीदों को नमन किया गया।
विजय नंदन सिन्हा ने कहा कि देश की आजादी वीर सपूतों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका अहम है। उन्होंने युवाओं से श्रेष्ठ जीवन मूल्यों को अपनाकर देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
संध्या समय आयोजित साप्ताहिक सत्संग में सामूहिक नाम-जप, ध्यान, सत्यानुसरण एवं नारीनीति ग्रंथ का पाठ किया गया। संगीतांजलि कार्यक्रम में सत्संगियों ने भक्ति गीत प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का समापन प्रार्थना एवं जयघोष के साथ हुआ और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अनुमंडल क्षेत्र के विद्यालयों में भी देशभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए। बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह देखा गया। पूरे क्षेत्र में दिनभर देशभक्ति का माहौल बना रहा।











