Location: सगमा
538 विद्यार्थियों के बीच केवल एक सरकारी शिक्षक कार्यरत, विद्यालय प्रबंधन समिति ने शिक्षा विभाग से लगाई गुहार
सगमा (गढ़वा)। प्रखंड मुख्यालय स्थित राजकीय मध्य विद्यालय, सगमा में शिक्षकों की भारी कमी के कारण शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। विद्यालय प्रबंधन समिति ने जिला शिक्षा विभाग से दो सरकारी शिक्षकों के प्रतिनियोजन को तत्काल प्रभाव से रद्द कर उन्हें मूल विद्यालय में वापस पदस्थापित करने की मांग की है।
समिति के अनुसार, यह प्रखंड का प्रमुख विद्यालय है, जहां वर्तमान में 538 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं। इसके बावजूद पर्याप्त शिक्षकों की उपलब्धता नहीं होने से पठन-पाठन सहित विद्यालय के नियमित संचालन में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
विद्यालय प्रबंधन समिति ने बताया कि प्रभारी प्रधानाध्यापक देवशंकर प्रसाद का प्रतिनियोजन जिला शिक्षा पदाधिकारी के आदेश पर 10 जून 2026 को राजकीयकृत उच्च विद्यालय, चितविश्राम (नगर ऊंटारी) में कर दिया गया, जहां उन्होंने योगदान भी दे दिया है। वहीं विद्यालय के सबसे वरीय शिक्षक श्याम कुमार पाल का प्रतिनियोजन 11 जून 2026 को राजकीय मध्य विद्यालय, जंगीपुर (नगर ऊंटारी) में किया गया, जहां उन्होंने भी योगदान दे दिया।
वर्तमान में विद्यालय में केवल एक सरकारी शिक्षक धर्मेंद्र कुमार साहु कार्यरत हैं। उन्हें भी जिला शिक्षा अधीक्षक के आदेश से पूरे सगमा प्रखंड में विपत्र वाहक की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। ऐसे में विद्यालय का नियमित संचालन, नए विद्यार्थियों का नामांकन, विभागीय रिपोर्टिंग तथा अन्य प्रशासनिक कार्य गंभीर रूप से प्रभावित हो रहे हैं।
समिति का कहना है कि अन्य दो शिक्षकों की पदस्थापना भी दूसरे विद्यालयों में हो जाने से स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है। साथ ही 11 जून से अब तक विद्यालय में प्रभारी प्रधानाध्यापक का प्रभार किसी को नहीं सौंपा गया, जिसके कारण कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्य लंबित पड़े हैं।
विद्यालय प्रबंधन समिति ने जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा अधीक्षक से मांग की है कि विद्यार्थियों के हित तथा विद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए दोनों शिक्षकों का प्रतिनियोजन तत्काल रद्द कर उन्हें मूल विद्यालय में वापस भेजा जाए, ताकि विद्यालय का संचालन सामान्य रूप से हो सके।












