Location: Meral
मेराल। प्रखंड क्षेत्र में SIR कार्य के दौरान पेंदली गांव के करीब 390 मतदाताओं का नाम बूथ संख्या 101 से हटाकर टेटुका कला स्थित बूथ संख्या 102 में किए जाने का मामला सामने आया है। बूथ परिवर्तन को लेकर पेंदली के ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने इसे सर्वेक्षण कर्मी की लापरवाही बताते हुए पूर्व की व्यवस्था के अनुसार बूथ संख्या 101 को बहाल करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि पेंदली गांव के मतदाता पूर्व से बूथ संख्या 101 पर मतदान करते आ रहे हैं। SIR प्रक्रिया के दौरान करीब 390 मतदाताओं का नाम टेटुका कला स्थित बूथ संख्या 102 में स्थानांतरित हो गया है। टेटुका कला पेंदली गांव से तीन किलोमीटर से अधिक दूर है। ऐसे में बूथ बदलने से ग्रामीणों, विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और अन्य मतदाताओं को मतदान के दिन परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
मामले को लेकर ग्रामीणों ने शुक्रवार को मेराल के सीओ सह प्रभारी बीडीओ यशवंत नायक को आवेदन सौंपा। आवेदन में SIR के दौरान हुई कथित गड़बड़ी की जांच कराने तथा इसके लिए जिम्मेदार सर्वेक्षण कर्मी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई है। ग्रामीणों ने कहा कि पेंदली के मतदाताओं को किसी दूसरे गांव के बूथ से जोड़ने के बजाय पूर्व की व्यवस्था के अनुसार बूथ संख्या 101 में ही रखा जाए।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की तत्काल जांच कर मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन कराने और पेंदली के मतदाताओं को पुनः बूथ संख्या 101 से जोड़ने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते सुधार नहीं किया गया तो मतदान के दौरान ग्रामीणों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
इस संबंध में सीओ सह प्रभारी बीडीओ यशवंत नायक ने बताया कि पेंदली गांव के ग्रामीणों का आवेदन प्राप्त हुआ है। इसमें बूथ संख्या 101 के कुछ मतदाताओं का नाम बूथ संख्या 102 में चले जाने की शिकायत की गई है। मामले की जांच कर आवश्यक सुधार किया जाएगा।
आवेदन देने वालों में ब्रह्मदेव राम, संतोष राम, आशा देवी, श्याम सुंदर चंद्रवंशी, सुभाष रजवार, अजय कुमार चंद्रवंशी, शांति देवी, सचिन चंद्रवंशी, बैजनाथ चंद्रवंशी, अरविंद ठाकुर, रामचंद्र ठाकुर, ललन चंद्रवंशी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल थे।












