Location: Manjhiaon
फिसलकर गिर रहे लोग, स्कूली बच्चों और मरीजों को हो रही भारी दिक्कत
मझिआंव। प्रखंड क्षेत्र के बोदरा गांव जाने वाली मुख्य सड़क बारिश के कारण कीचड़ से लबालब हो गई है। थोड़ी सी बारिश होते ही सड़क पर घुटने भर तक कीचड़ जमा हो जाता है, जिससे ग्रामीणों का आवागमन मुश्किल हो गया है। सड़क की हालत के कारण बाइक सवार और पैदल राहगीरों के फिसलकर गिरने का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार बोदरा से गोपालपुर, बरक्षाबांध, बिच्छी, बरकाकाना, आदर सेमरी और जतरो-बंजारी सहित दर्जनों गांवों को जोड़ने वाली यह प्रमुख सड़क है। सड़क का कालीकरण कराया गया है, लेकिन जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर जमा हो जाता है और कीचड़ की स्थिति बन जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से बरसात में यही समस्या बनी हुई है।
ग्रामीणों ने बताया कि कीचड़ के कारण बाइक सवार और पैदल चलने वाले कई लोग फिसलकर गिर चुके हैं। स्कूली बच्चों को भी काफी परेशानी होती है। कपड़े और जूते खराब होने से बचाने के लिए उन्हें कई बार जूते-चप्पल हाथ में लेकर कीचड़ भरे रास्ते से गुजरना पड़ता है। वहीं मरीजों को अस्पताल ले जाने में भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क की समस्या को लेकर कई बार प्रखंड कार्यालय और पंचायत प्रतिनिधियों को आवेदन देकर सड़क को पीसीसी या स्थायी रूप से पक्का कराने की मांग की गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने, जल निकासी की व्यवस्था करने तथा सड़क को स्थायी रूप से पक्का कराने की मांग की है, ताकि बारिश के दिनों में भी आवागमन सुचारु रह सके।
इधर, जिला परिषद सदस्य धर्मेंद्र कुमार सिंह, टरहे पंचायत की मुखिया प्रतिनिधि कृपाल सिंह, बोदरा पंचायत के बीडीसी अनिल राम, वार्ड सदस्य राजेश्वर सिंह, राजकुमार चौधरी, संयम सिंह सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से सड़क की स्थिति का संज्ञान लेते हुए अविलंब इसे दुरुस्त कराने की मांग की है।











