Location: Garhwa
लोडेड देसी कट्टा व दो कारतूस बरामद, पुलिस की घेराबंदी देख भागने लगे थे आरोपी
गढ़वा। रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले लोगों को निशाना बनाकर लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में जुटे दो युवकों को गढ़वा थाना पुलिस ने स्टेशन रोड स्थित आम बगान के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के पास से एक लोडेड देसी कट्टा और दो कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी स्टेशन रोड पर किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गढ़वा थाना क्षेत्र के दुबे मरहटिया निवासी सियाराम शरण मिश्रा उर्फ चिंटू मिश्रा (23 वर्ष), पिता विजय मिश्रा तथा गढ़वा शहर के रंका मोड़, रांकी मोहल्ला निवासी संदीप कुमार सिंह (23 वर्ष), पिता राजेंद्र सिंह के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, गढ़वा पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चिंटू मिश्रा अपने एक साथी के साथ स्टेशन रोड स्थित आम बगान के समीप अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना थी कि दोनों किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने तत्काल विशेष छापामारी दल का गठन किया।
छापामारी दल में पुलिस अवर निरीक्षक आदित्य कुमार नायक, पुलिस अवर निरीक्षक रंजन कुमार साह, सहायक अवर निरीक्षक अभिमन्यु सिंह, सहायक अवर निरीक्षक विनय कुमार पांडेय तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस टीम ने शुक्रवार की रात करीब 9:20 बजे स्टेशन रोड स्थित आम बगान के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही दोनों संदिग्ध भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस जवानों ने चारों तरफ से घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान एएसआई अभिमन्यु सिंह, एसआई रंजन कुमार साह एवं थाना के चौकीदार की मौजूदगी में सियाराम शरण मिश्रा उर्फ चिंटू मिश्रा की कमर से लोडेड देसी कट्टा बरामद किया गया। वहीं दूसरे आरोपी संदीप कुमार सिंह की जेब से एक कारतूस बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, बरामद हथियार में एक कारतूस लोड था।
पुलिस की पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वे रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले लोगों से पैसा लूटने की नीयत से वहां जुटे थे।
इस मामले में पुलिस अवर निरीक्षक आदित्य कुमार नायक के बयान पर गढ़वा थाना में कांड संख्या 524/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 25(1-बी)ए, 26 एवं 35 आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज करते हुए शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।











